देहरादून (हि. डिस्कवर)
राजधानी देहरादून का एक होटल प्रांगण आज तब भगवामयी हो रखा था ज़ब देहरादून में आयोजित भाजपा के प्रदेश संगठन पर्व-2025 में शिरकत करने प्रदेश भर से कार्यकर्ता, विधायक, मंत्री और संगठन के पदाधिकारी आये हुए थे। इस दौरान एक बात जो सबसे अधिक महत्वपूर्ण दिखी वह ये रही कि इतने बड़े आयोजन में भी कोई अपरातफरी नहीं थी। सिर्फ भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारी व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों को ही मंच पर बैठने की इजाजत दी गई बाकी पूरी धामी सरकार कैबिनेट मंच के नीचे प्रथम पंक्ति में बैठी नजर आई। विधायक व दायित्वधारी राजनेताओं के लिए दूसरी व तीसरी पंक्ति नजर आई।
भले ही धामी मन्त्रीमंडल के अधिकतर मंत्री भोजन से पूर्व ही निकल गए थे लेकिन जो भी मंचासीन संगठन के पदाधिकारी व पूर्व मुख्यमंत्री अपनी-अपनी बारी से भाषण देने आये सबकी जुबान पर आज अपने नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ही मुख्य केंद्र बिंदु रहे। इस दौरान कक्षा आठवीं के छात्र से लेकर वर्तमान तक प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के सफर का ब्याख्यान सुनने को मिला।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश अध्यक्ष पद पर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के निर्विरोध निर्वाचित होने पर उन्हें बधाई एवं द्वितीय कार्यकाल हेतु हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पद का यह निर्वाचन भाजपा की संगठनात्मक एकता, अनुशासन और सामूहिक नेतृत्व का प्रतीक है। माननीय श्री भट्ट जी के नेतृत्व में संगठन नई ऊर्जा और जनसेवा के संकल्प के साथ और अधिक सशक्त होगा। उनके कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश में पार्टी को विस्तार और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी एवं माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी.नड्डा जी के कुशल नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का हर एक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि और सेवा ही उद्देश्य को जीवन का मूल मंत्र मानकर समाज, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में अपना पूर्ण योगदान दे रहा है।
इस अवसर पर चुनाव पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी श्रीमती रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल ‘निशंक, विजय बहुगुणा, त्रिवेंद्र सिंह रावत, लोकसभा सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, अजय भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मंत्री मदन कौशिक व खजान दास सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।


