Friday, November 27, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड भाजपा का रिपोर्ट कार्ड लांच

उत्तराखंड भाजपा का रिपोर्ट कार्ड लांच

जनादेश का सम्मान, जनता को जवाब…

लोकतांत्रिक जवाबदेही की परंपरा को आगे बढ़ाते सीएम धामी

देश में हर सरकार अपनाए यह परिपाटी

(अवधेश नौटियाल)

लोकतंत्र में जनता केवल सरकार चुनती ही नहीं, बल्कि पांच साल बाद उसके कामकाज का हिसाब भी चाहती है। ऐसे में हर सरकार को अपने कार्यकाल की उपलब्धियों, लिए गए फैसलों, अधूरे संकल्पों और भविष्य की योजनाओं का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए। यह पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन की एक स्वस्थ परंपरा है।

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक कर इसी लोकतांत्रिक परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि सरकार ने अपने कामकाज को केवल घोषणाओं और दावों तक सीमित न रखते हुए आंकड़ों और उपलब्धियों के साथ जनता के सामने प्रस्तुत किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली का एक महत्वपूर्ण पक्ष योजनाओं की समीक्षा, निर्णयों के क्रियान्वयन और विकास कार्यों को गति देने पर जोर देना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र-राज्य के बेहतर समन्वय से भी प्रदेश में कई बड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद मिली है।

निश्चित रूप से किसी भी सरकार का अंतिम मूल्यांकन जनता अपने अनुभवों, अपेक्षाओं और जमीनी परिस्थितियों के आधार पर करती है। उपलब्धियों के साथ चुनौतियों और कमियों पर आत्ममंथन भी उतना ही आवश्यक है।

लेकिन अपने पांच वर्षों के कामकाज को सार्वजनिक मंच से आंकड़ों सहित जनता के सामने रखना एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक पहल है।

मेरी दृष्टि में यह परिपाटी केवल उत्तराखण्ड तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। देश के प्रत्येक राज्य और प्रत्येक सरकार को अपने कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए। इससे सरकारों की जवाबदेही बढ़ेगी, प्रशासनिक कार्यसंस्कृति मजबूत होगी और जनता को अपने जनादेश के परिणामों का आकलन करने का अवसर मिलेगा।

आखिरकार राजनीति में वादे करना आसान है, लेकिन जनता के सामने अपने काम का हिसाब रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था की वास्तविक भावना है।

जनता का विश्वास सबसे बड़ी पूंजी है और जवाबदेही उस विश्वास को मजबूत करने का माध्यम।

रिपोर्ट कार्ड में विकास के लगभग हर महत्वपूर्ण क्षेत्र की तस्वीर सामने रखी गई है।

रोजगार और शिक्षा : पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना और प्रदेश देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना।

महिला सशक्तीकरण : 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनीं। 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को आजीविका मिशन से जोड़कर 70,767 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया।

स्वास्थ्य और किसान कल्याण : अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख कार्ड बनाए गए। 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार मिला। आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि पहुंचाई गई।

निवेश और औद्योगिक विकास : ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।

कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचा : लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हुआ।ऋषिकेश- कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2,826 सड़कों से 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया।

पर्यटन और सुशासन : इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला आजादी के बाद देश का पहला राज्य बना। अपणि सरकार पोर्टल पर 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। वहीं 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई।

 

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES