Tuesday, May 5, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में क्यों होती है गौ-भैंस बालण-बधाण पूजा?

उत्तराखंड में क्यों होती है गौ-भैंस बालण-बधाण पूजा?

(मनोज इष्टवाल)

गाय संसार का एकमात्र एकलौता ऐसा प्राणी है कि वह या उसका बछड़ा जब रंभाता है तो उसके मुंह से माँ शब्द निकलता है। ऋग्वेद के अनुसार धरा को सोम देने वाली देने वाले तीन मूलक भारत हैं, जिनमें माँ का दुग्ध, गौ दुग्धगंगा जल है इसीलिए इन तीनों को माँ शब्द दिया गया है। गंगा का गौमुख में जब अवतरण होता है तब वहां भी उसके वेग में माँ शब्द का गुंजायमान होता है। बच्चे के जन्म में भी और गाय के मुंह से भी माँ शब्द ही निकलता है अत: ये तीनों ही अमृत देने वाले हैं।

यह तो शास्त्रों में सर्वविधित है कि ब्रह्मा जी ने श्रृष्टि रचना से पूर्व गौ यानि गाय को पृथ्वी में भेजा। जिसमें ब्रह्मा और बिष्णु गाय के सींगों के मूल भाग में, शिव मध्य भाग में, गौरी ललाट में व कार्तिकेय नाशिका में विराजमान हुए।

उत्तराखंड में गाय या भैंस ब्याहने के बाद ठीक 11वें दिन बधाण/बधवाण या बालण पूजा का प्राविधान है, ठीक उसी प्रकार जिस प्रकार किसी बच्चे के जन्म के बाद घर के शुद्धिकरण 11वें दिन में किया जाता है। बालण पूजा अब भी गाँवों में होती है इस पर भी मिथक शुरू हो गए हैं क्योंकि अब लोग गाय या भैंस के खूंटे पर ही बालण पूजा शुरू करने लगे हैं।

मेरे गाँव धारकोट में गाय की बालण पूजा हमारे घर के नीचे एक खेत में बने आले में होती थी, जिसके पास खिन्ने का पेड़ हुआ करता था। वहां गाय का बालण पूजा जाता था। वहीं भैंस का बालण मल्ली डिग्गी (पनघट) व मढ़ी के नीचे स्व. बलवंत सिंह बिष्ट/स्व. त्रिलोक सिंह बिष्ट के बंसफेड (बांसबाड़ा) के पास एक आले में पूजा जाता था। दोनों जगह एक बात एक सी थी कि आले में एक गंथर पत्थर रखा रहता था। बालण पूजा में तीन फांखों वाला खिन्ना तोड़ा जाता था जिसे त्रिकालदर्शी गाय का रूप दिया जाता था। साथ ही गाय के बछड़े के गोबर से गणेश बनाया जाता था। आचार्य बिमल मलासी बताते हैं कि यह गौ स्वरूप के रूप में प्रातः, मध्यहान व सांयकाल का प्रतीक माना जाता है।

गौ बालण पूजा में कम भीड़ रहती थी क्योंकि वहां सिर्फ गेहूं के आते व गुड से निर्मित लगड़ी , कच्चा दूध, दही, गुड, धूप, पीली पिठाई, नाला ही होता था जबकि भैंस के बालण पूजन में लगड़ी, हलुवा, खीर, दही, दूध, घी, छांछ, पीली पिठाई, नाला, धूप इत्यादि हुआ करता था! पूजन विधि एक सी थी लेकिन मेरे पिताजी का मानना था कि भैंस का घी कभी भी दीप-धूप हवन में नहीं चढ़ाया जाता क्योंकि ऋगवेद में वर्णित आलोच्य ऋचाओं में गौ के अतिरिक्त अन्य दूध देने वाले पशुओं का उल्लेख नहीं है। इसलिए गाय बालण ज्यादा बड़ा होना चाहिए।

पकवान और भोग:

गाय का बछड़ा होने पर 11वें दिन ‘लगड़ी’ (आटे और चीनी का घोल तवे पर बनाकर) का भोग लगाया जाता है।

भैंस का बच्चा होने पर 11वें या 21वें दिन हलवा और खीर बनाई जाती है, इसके अलावा, खीर, दही, दूध, घी और छाछ का भी उपयोग होता है।
गणेश पूजन और शुद्धिकरण:
पूजन की शुरुआत गौमूत्र से शुद्धिकरण के साथ की जाती है।
गाय के गोबर से गणेश जी की प्रतिमा बनाकर उन्हें गाय के खूंटे (कीलू) पर स्थापित किया जाता है।
विशेष बातें:
पूजन के दौरान कुत्ता और कौवे के लिए सबसे पहले भोजन निकाला जाता है।
यह पूजा गाय/भैंस के शुद्धिकरण और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए की जाती है।

गौ मूत्र व गोबर 

वेदों में कहा गया है की “गौमय वसते लक्ष्मी” अर्थात गोबर में लक्ष्मी का वास है और “गौमूत्र धन्वन्तरी” अर्थात गौमूत्र में भगवान धन्वन्तरी का निवास है।

मैं इस तर्क से कभी सहमत इसलिए नहीं होता था क्योंकि गाँव की कोई भी गाय दो माणी अर्थात आधा किलो से ज्यादा दूध देने वाली नहीं थी। फिर हर कोई गाय हमारी कपोत्री गाय की तरह तो हो नहीं सकती थी जो आधा बाल्टी दूध दे। खैर बालण संस्कार में सर्वप्रथम पंदेरे के पानी से लोटा भर पानी लाकर गंथर नामक पत्थर को धोया जाता था। अब यह तो कह नहीं सकता था कि उसे किस देवता का प्रतीक माना जाता था फिर भी मुझे बताया जाता था कि ॐ अपवित्रपवित्रो वा सर्वावस्थां गतोअपी वा | य: स्मरेत पुण्डरीकाक्षं स बाहान्तर : शुचि: !! के साथ सुधिकरण कर गंथर व खिन्ने के त्रिकालदर्शी को तिलक करें।

आचार्य बिमल मलासी का कहना है कि तिलक करते समय “केशवानन्न्त गोविन्द बाराह पुरूषोत्तम । पुण्यं यशस्यमायुष्यं तिलकं में प्रसीदतु ।।” तदोपरांत धूप करें और मंत्रोचारण करें भौदीप देवरूपस्या कर्मसाक्षी यविनकर्ता, यावत कर्म समाप्ति तावत्वं सुथिर:भव!! फिर त्रिकालदर्शी पर रक्षासूत्र नाला बांधे व मंत्रोचारण करें ” येन बद्धो बली राजा दानवेन्द्रो महाबल:। तेन त्वामनुबध्नामि रक्षे मा चल मा चल।।” फिर दूध चढ़ाए और गायत्रीमन्त्र पाठ करें “ॐ भूर्भव: स्व: तत्सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो न: प्रचोदयात्।” फिर जितने भी पकवान हैं वह चढ़ाए जाते हैं और बालण देवता को समर्पित करते समय कहा जाता है:-

नैवेद्यं गृह्यतां देव भक्तिं मे ह्यचलां कुरु।
ईप्सितं मे वरं देहि परत्र च परां गतिम्।।
शर्कराखण्डखाद्यानि दधिक्षीरघृतानि च।
आहारं भक्ष्यभोज्यं च नैवेद्यं प्रतिगृह्यताम्।।

सचमुच यह सब अगर बालण पूजा में सम्मिलित माना जाता है तो आम आदमी के वश में यह सब नहीं है। मुझे तो बस दो ही मन्त्र आते थे एक जो मैंने प्रारम्भिक दौर में बताया व दूसरा मैं सोचता था कि जो गंथर या गोबर की दहेली (ड़ली) बनाई जाती है वह गणेश का स्वरूप है अत: बड़बड़ाया करता था –

ॐ एकदन्ताय विद्महे, वक्रतुण्डाय धीमहि, तन्नो दन्ती प्रचोदयात्॥या फिर ‘ॐ नमो व्रातपतये नमो गणपतये नमः प्रमथपतये नमस्तेऽस्तु लम्बोदरायैकदन्ताय विघ्नविनाशिने शिवसुताय श्रीवरदमूर्तये नमो नमः॥  ”

ब्राह्मण कुल में जन्मा होने के कारण इतना तो पता था ही कि गायत्री मन्त्र या यह मन्त्र 11 या 21 बार बोलो तो शुद्ध होता है, लेकिन एक तो ड़डुळी (करछी) में अंगारों में पिघलते घी की खुशबु ऊपर से लगड़ी का स्वाद…! लसपस्या खीर व अन्य पकवान भला इतना सब्र कहाँ देते थे कि शुद्ध मंत्रोचारण भी कर सकूं। बस राजपूतों का गाँव है तो अक्सर मुंह के अंदर कुछ भी बड़बड़ा दिया, तो सोचते थे कुछ बोल रहा है! मंत्र ही बोल रहा होगा लेकिन अब किसी को ठगाना मुश्किल काम है क्योंकि आम ब्राह्मण से यह विद्या अब अन्य कुलों को ज्यादा भा रही है व वे जानते हैं कि ब्राह्मण मंत्र शुद्ध बोल रहा है या अशुद्ध।

सच कहूँ तो तब शायद ही कोई बालण पूजा विद्या की जानकारी जानता हो ! मेरा तो आज भी दावा है कि आज भी ज्यादात्तर लोगों को पता नहीं है कि बालण पूजते समय कुछ मंत्र भी बोले जा सकते हैं। हमारे गाँव में अब बमुश्किल एक भैंस होगी। गाय भी लगभग आंगन छोड़ चुकी हैं। बालण पूजने लोग कितने सालों से उन स्थानों में नहीं गए जहाँ इन्हें थरपा गया था, यह मैं भी नहीं जानता क्योंकि अब सब गाय या भैंस के खूंटे पर ही काम चला दिया करते हैं। बेचारे कौवेकुत्ते का हिस्सा भी स्वयं हड़प जाते हैं। जाने क्यों यह देवभूमि इतनी दूषित सी हो गयी है कि यहाँ से धर्म-कर्म सब दूर हो गया है व आड़म्बर ने लवादा ओड़ लिया है।

बालण से पूर्व पीसूलैरा दूध सबने खाया व पीया होगा लेकिन कोई नहीं जानता कि बालण देवता का जन्म कैसे हुआ। ऋग्वेद की ऋचाओं का अगर अध्ययन किया जाय तो उसकी वैदिक संस्कृति में यह सब मिल जाएगा। कामधेनु गाय के पृथ्वी अवतरण का धर्म ग्रन्थों में बर्णन हम सभी जानते हैं। आज भी राजा सहस्त्रबाहू का उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद बड़कोट व जमदग्नि ऋषि का थान गाँव यमुना घाटी में है, जहाँ कामधेनु गाय का स्वर्ग से अवतरण हुआ था। उसके अवतरण से पूर्व जो गौ पूजा हेतु पकवान बने उनका ऋग्वेद में भी वर्णन मिलता है। इनमें अपूप अर्थात अपूपवन्तम शकोरा (ऋग्वेद ३.५२.१०) में गेहूं व जौ के आटे का पकवान (पिंडी), कशिका में गुडापूपतिलापूप (ऋग्वेद ३.५२.७) गेहूं गुड़ व तिल से निर्मित पकवान अर्थात लगड़ी, करम्भ (ऋग्वेद ३.५२.७) दही सत्तू का मिश्रण, पुरोड़ाश-सायण में लिखा गया है कि यज्ञ के अवसर पर पकाई गयी रोटी पुरोड़ाश कही जाती है (पक्वपिष्टपिणपुरोडाश: ऐत.सा.) इत्यादि भी गौ पूजन या बालण पूजन में प्रयुक्त की जाती थी।

वहीँ रीठाखाल पौड़ी गढ़वाल में संस्कृत विद्यालय के अध्यापक सचिदानंद सेमवाल लिखते हैं कि बालण पूजा की कथा इस तरह है:- पहले गणेश जी का पूजन चूल्हे की बगल/ खांदे में किया जाता था । कहते हैं उस समय गणेश जी साक्षात् आते थे और उनके हाथ में खीर रखी जाती थी । एक दिन एक बुजुर्ग माता ने जल्दी में गरम खीर गणेश जी के हाथ में रख दी और गणेश जी का हाथ जल गया । उस दिन के बाद गांव की गाय-भैंसों ने दूध देना बंद कर दिया ।
इस बात पर चिंतित लोग किसी साधु के पास गये और पूरा वृतांत बताया । साधु ने कहा कि गणेश जी के हाथ में गरम खीर रखने से बहुत जलन से वे रुष्ट हैं और अब उनकी पूजा शीतल जगह : पानी के स्रोत में की जाय । इस निश्चय के साथ लौटने पर पुन: गांव की गाय- भैंसों ने दूध देना शुरू कर दिया और गांव पुन: दूध,दही और मक्खन से सम्पन्न हो गया ।

बहरहाल यह सच है कि जब से हमने अपने धर्म कर्मों को अपनाना बंद कर दिया है तब से हमारे खेत खलिहान बंजर पड़ गए व गौ धन न होने से गाँव की खुशहाली अब रीच, बानर , जंगली सूअर, बाघ इत्यादि ने हर ली है।

आज भी यह कटु सत्य है कि सफेद गाय जिसे कामधेनु का रूप समझा जाता है उसे पुरोड़ाश यानि सफेद रोटी खिलाने से पितृ दोष समाप्त हो जाता है ऐसा शास्त्रों में वर्णन मिला जाता है।

 

 

 

 

 

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES