देहरादून (हि. डिस्कवर )।
दून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम नेडालनवाला क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में 13 फरवरी को हुई विक्रम शर्मा की हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल दो आरोपियों ( राजकुमार व अक्षत ठाकुर उर्फ मोहित)को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है, जबकि छह आरोपी अभी फरार हैं।
सोमवार को एसएसपी परमेन्द्र डोवाल और एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
13 फरवरी को कंट्रोल रूम के माध्यम से डालनवाला पुलिस को सूचना मिली कि सिल्वर सिटी मॉल में अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान अमन विहार, रायपुर निवासी विक्रम शर्मा के रूप में की। घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए।
जांच में सामने आया कि विक्रम शर्मा झारखंड का कुख्यात अपराधी था और हत्या, हत्या के प्रयास तथा रंगदारी समेत कई मामलों में शामिल रहा था। वह इन मामलों में जमानत पर बाहर चल रहा था। उसके आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस ने झारखंड से जुड़े गिरोहों के एंगल पर भी जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि तीन आरोपी मोटरसाइकिल से आए थे और हत्या के बाद सहस्त्रधारा रोड पर मोटरसाइकिल छोड़कर पहले से खड़े दूसरे वाहन से हरिद्वार की ओर फरार हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर ली, जो झारखंड निवासी के नाम पर पंजीकृत थी।
आगे की जांच में पता चला कि आरोपियों ने हरिद्वार से किराये पर स्कूटी और बाइक ली थी और बाद में स्कार्पियो वाहन से नोएडा भाग गए। पुलिस ने झारखंड से राजकुमार को गिरफ्तार किया, जबकि ग्रेटर नोएडा से स्कार्पियो वाहन बरामद कर अक्षत ठाकुर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि विक्रम शर्मा की हत्या की साजिश करीब तीन माह पहले रची गई थी। आरोपियों ने पहले जमशेदपुर और नोएडा में हत्या की योजना बनाई, लेकिन मौका नहीं मिलने पर देहरादून को चुना। साजिश के तहत अंकित वर्मा ने उसी जिम को ज्वाइन किया था, जहां विक्रम शर्मा नियमित रूप से जाता था। घटना के दिन अंकित ने अपने साथियों को फोन कर विक्रम के जिम में होने की सूचना दी, जिसके बाद जिम से बाहर निकलते ही उसे गोली मार दी गई।
हत्या के बाद आरोपी हरिद्वार पहुंचे, जहां से स्कार्पियो वाहन से नोएडा फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में अक्षत ठाकुर और राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विशाल सिंह, आकाश कुमार प्रसाद, यशराज और जितेंद्र कुमार साहू अभी फरार हैं। सभी फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
