Thursday, February 26, 2026
Homeउत्तराखंडपटवारी भर्ती का पेपर लीक होने के बाद उत्तराखंड लोक सेवा आयोग...

पटवारी भर्ती का पेपर लीक होने के बाद उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर किए बड़े बदलाव

देहरादून। उत्तराखंड में पटवारी भर्ती का पेपर लीक होने के बाद उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर बड़े बदलाव किए हैं। यह बदलाव प्रश्नपत्र से लेकर आयोग की गोपनीय प्रक्रिया के बताए जा रहे हैं। राज्य लोक सेवा आयोग की आठ जनवरी को हुई पटवारी भर्ती का पेपर पिछले सप्ताह लीक होने के बाद परीक्षा रद्द हो गई थी। आयोग ने मामले को गंभीरता से लिया। आयोग की सबसे बड़ी फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा 22 जनवरी को प्रस्तावित है।

सूत्रों के मुताबिक, आयोग ने परीक्षा के लिए जो पेपर पाइपलाइन में लगाया था, उसे हटा दिया है। चूंकि, आयोग के पास प्रश्नपत्रों के कई सेट और हजारों की संख्या में विशेषज्ञों से आए हुए प्रश्न रहते हैं। लिहाजा, आयोग ने फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा के लिए दूसरे सवालों का पेपर तैयार कर लिया है। हालांकि, आयोग के एक अधिकारी का कहना है कि परीक्षा की पूरी प्रक्रिया गोपनीय होती है, जिसकी कोई भी जानकारी सार्वजनिक नहीं कर सकते, लेकिन निश्चित तौर पर फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रक्रिया और सख्त की जा रही है।

गौरतलब है कि आयोग के पास किसी भी परीक्षा के बहुत से सवाल होते हैं। पेपर पर संदेह होने की स्थिति में आयोग तत्काल पहले से तय सवालों को हटाकर इनमें से नए सवालों का पेपर उपलब्ध करा देता है। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य लोक सेवा आयोग ने गोपनीय प्रक्रिया में भी कई बदलाव किए हैं। परीक्षा से जुड़े हर पहलू पर नजर रखी जा रही है। पेपर प्रकाशित होने से लेकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की प्रक्रिया को पहले से ज्यादा सख्त बना दिया गया है। आयोग का मकसद है कि दोबारा उसके दामन पर पेपर लीक का दाग न लगे।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES