देहरादून 22 सितम्बर, 2020 (हि. डिस्कवर)
- केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री के साथ की जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा।
- जल जीवन मिशन के तहत राज्य में गरीब परिवारों को एक रूपये पेयजल कनेक्शन देने के लिये मुख्यमंत्री की की सराहना।
- योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से उत्तराखण्ड बन सकता है मॉडल स्टेट।
- योजना के क्रियान्वयन में धनराशि की नहीं होगी कमी।
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के मध्यम से मुख्यमत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के साथ राज्य में जल जीवन मिशन के तहत संचालित किये जा रहे कार्यों की गहनता से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि समयबद्धता वाले जल जीवन मिशन कार्यक्रम के लिये धनराशि की कमी नहीं होने दी जायेगी। राज्य में योजना के तहत एक रूपये में पेयजल कनेक्शन दिये जाने की व्यवस्था के लिये उन्होंने मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए इसे देश के लिये अभिनव पहल बताया।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि राज्य में 2022 तक प्रत्येक घर को नल से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, इसके लिये अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गये हैं। इसके लिये 1500 कनेक्शन प्रतिदिन दिये जाने की व्यवस्था करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि हर हाल में लक्ष्यों की पूर्ति करने के लिये अधिकारियों को हिदायत दी गई है। इस सम्बन्ध में आवश्यक तंत्र विकसित करने के साथ ही कार्य अवधि बढ़ा कर कार्य करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्य राज्य के लोगों के व्यापक हित में है अतः इसमें कोई लापरवाही न हो यह देखा जायेगा।