Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तराखंडदेवसंस्कृति विवि एवं गायत्री तीर्थ पहुँची राज्यपाल, युगऋषिद्वय की समाधि में पुष्पांजलि...

देवसंस्कृति विवि एवं गायत्री तीर्थ पहुँची राज्यपाल, युगऋषिद्वय की समाधि में पुष्पांजलि अर्पित कर राज्य की समृद्धि हेतु प्रार्थना की।

हरिद्वार (हि. डिस्कवर)।

उत्तराखण्ड की महामहिम राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य बृहस्पतिवार को अपने एक दिवसीय हरिद्वार भ्र्रमण पर पहुंची। देव संस्कृति विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति शरद पारधी एवं प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

इस दौरान माननीय राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने विवि में स्थित प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा करने के बाद राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों की स्मारक में बने शौर्य दीवार पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

राज्यपाल ने देश के एक मात्र बाल्टिक सेंटर का अवलोकन कर देसंविवि में महिलाओं को स्वावलंबी बनाये जाने वाले उपक्रमों तथा विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों से अवगत हो प्रसन्नता व्यक्त की।

इसके पश्चात वे गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुँची। यहाँ उन्होंने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा जी की पावन समाधि में पुष्पांजलि अर्पित कर देवभूमि की सुख, समृद्धि की प्रार्थना की। गायत्री परिवार प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं श्रद्धेया शैलदीदी से भेंटकर राज्य के विकास एवं महिला जागरण विषय पर चर्चा की।

इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि मेरा गायत्री परिवार से बहुत पुराना रिश्ता है। पूज्य गुरुदेव के जन्मस्थली आंवलखेड़ा जिला आगरा मैं कई बार गयी हूँ। वहाँ से मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलती है। मैं शांतिकुंज द्वारा संपादित अखण्ड ज्योति पत्रिका नियमित पढ़ती हूँ। प्रवास के दौरान अखण्ड ज्योति पत्रिका अपने साथ रखती हूँ। देवसंस्कृति विश्वविद्यालय और शांतिकुंज का दर्शन कर हार्दिक प्रसन्नता हो रही है।

गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या जी ने कहा कि देसंविवि, शांतिकुंज स्थापना की स्वर्ण जयंती के मौके पर नारी जागरण के विविध आयोजन को गति दी जा रही है। राज्यपाल जी को कन्या कौशल, नारी जागरण, युवा जागरण सहित विभिन्न रचनात्मक एवं सृजनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी गयी।

इस अवसर पर गायत्री परिवार प्रमुखद्वय ने माननीय राज्यपाल श्रीमती मौर्य को गायत्री महामंत्र लिखित चादर, युगऋषि पूज्य आचार्यश्री द्वारा रचित साहित्य भेंटकर सम्मानित किया।
तत्पश्चात् राज्यपाल ने मन्दिर श्री दक्षेश्वर महादेवजी, श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी अखाड़ा कनखल पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की तथा डाॅ0 बाबा, महंत रविन्द्र पुरी जी से मुलाकात की।

इसके उपरांत राज्यपाल जगतगुरू आश्रम पहुंचकर जगतगुरू राजरजेश्वराश्रम से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान शांतिकुंज व्यवस्थापक महेन्द्र शर्मा, शैफाली पण्ड्या, जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय, एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्ण राज एस, एडीएम प्रशासन बी0 के0 मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट जगदीश लाल, उपजिलाधिकारी श्री अंशुल सिंह, एसडीएम गोपाल सिंह चैहान सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES