(मनोज इष्टवाल)
जन्म दिसम्बर 1921 स्वर्गलोक 13 जुलाई 1997। बंगाल इंजीनियरिंग में भर्ती 1937। सेकेंड वर्ल्ड वार में शामिल 1939 से 1945। युद्ध बर्मा, फ्रांस, इटली व जापान के युद्ध अभियानों में शामिल हुए। चीन युद्ध 1962से पूर्व सेवानिवृत्त। नाम चक्रधर प्रसाद इष्टवाल।
मैडल सेकेंड वर्ल्ड वार में अद्भुत युद्ध कौशल का परिचय बॉम्बर टीम के रूप में लगातार 180 दिन युद्ध मैदान में रहने व बिषम परिस्थितियों में युद्ध पराक्रम दिखाने मेरे पिता स्व. चक्रधर प्रसाद इष्टवाल ने ब्रिटिश एम्पायर इंग्लैंड के राजा जॉर्ज षष्ठम के हाथों 4 युद्ध चक्र अर्जित किये व एक सेवानिवृत्ति के दौरान 1962 में चीन युद्ध के दौरान स्वतन्त्र भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के द्वारा सम्मान युद्ध कौशल सम्मान के रूप में अशोक। स्व. चक्रधर प्रयाद इष्टवाल व मेजर बड़थ्वाल ही गढ़वाल मंडल क्षेत्र से बंगाल इंजीनियरिंग के दो ऐसे हॉकी खिलाड़ी रहे जिन्होंने अंतरार्ष्ट्रीय हॉकी में मेजर ध्यान चन्द की टीम में स्वतन्त्र भारत का प्रतिनिधित्व किया।
सन 1948 में बर्लिन में आयोजित ग्रीष्मकालीन ओलंपिक में वे टीम का हिस्सा रहे। वे मूलतः सेंटर हाफ के रूप में खेला करते थे। उनकी वीरगाथा पर ब्रिटिश सरकार ने सेकेंड वर्ल्ड वार में कोटद्वार बावर में 100 बीघा जमीन देने की पेशकश की जो उन्होंने ठुकरा दी व अपनी जन्मभूमि ग्राम धारकोट, कफोलस्यूँ पौड़ी गढ़वाल में रहना ही उचित समझा। स्व. चक्रधर प्रसाद इष्टवाल के साथ थापली गांव के स्व. नरेंद्र प्रसाद सुंदरियाल भी द्वितीय विश्व युद्ध में शामिल हुए थे जिन्हें घायल साथियों को ट्रक के माध्यम से सुरक्षित स्थान पर ले जाने व दुश्मनों से बचने के लिए पुल तोड़ने की कौशलता के लिए “वीर चक्र” से सम्मानित किया गया।
स्व. चक्रधर प्रसाद इष्टवाल द्वितीय विश्व युद्ध के अपने संस्मरण सुनाते हुए बताते हैं कि 6 अगस्त 1945 को सुबह के करीब आठ बजे हिरोशिमा पर परमाणु बम का जोरदार हमला हुआ। नागासाकी पर गिराया गया बम हिरोशिमा से भी ज्यादा शक्तिशाली था। नागासाकी में 9 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे परमाणु बम गिराया गया। तब उन्हें रेडियो वायरलेस से इस हमले की जानकारी दी गयी थी। हमें 3 अगस्त को इसी क्षेत्र से रेस्क्यू किया गया था, जहां हम लगभग एक हफ्ते से भूख से व्याकुल थे। आखिर जब चावल पहुंचे तो उन्हें पकाने के लिए वर्तन नहीं थे। तब हमने अपनी खुंखरियों से नागासाकी के जंगलों में बांस काटे व उन्ही के में चावल व पानी भरकर चावल पकाए व खाये। उन्होने बताया कि इस परमाणु हमलेमें 40 हजार से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। इस तबाही का ऐसा मंजर सामने आया कि इसके ठीक एक माह बाद सेकेंड वर्ल्ड वार की समाप्ति की घोषणा हुई।
ज्ञात हो कि अटलांटिक की लड़ाई और यूरोप में युद्ध की अवधि, उत्तरी अफ्रीकी अभियान की अवधि प्रशांत युद्ध की अवधि, 11 दिसंबर 1941 से 2 सितंबर 1945 तक, बर्मा अभियान की अवधि। 11 जून 1943 से 8 मई 1945 तक, इतालवी अभियान की अवधि, 6 जून 1944 से 8 मई 1945 तक, उत्तर-पश्चिम यूरोप अभियान की अवधि व तदोपरान्त जापान नागासाकी अभियान में लगातार 06 साल तक वे बॉम्बर दस्ते में शामिल रहे। उनकी बंगाल इंजीनियरिंग नदियों पर पुल निर्माण की एक्पर्ट थी। इन 06 सालों में भारतीय सैनिकों के बारे में उनके घर वालों को यदाकदा तार या डाक से उनकी कुशल क्षेम प्राप्त होती थी।
जब पिताजी स्व. चक्रधर प्रसाद इष्टवाल भर्ती हुए वे मात्र 16 साल के थे। व अभी उनकी बंगाल इंजीनियरिंग रुड़की के सेंटर में ट्रेनिंग ही चल रही थी कि सेकेंड वर्ल्ड वार शुरू हो गया था। वे बताते थे कि उन्होंने सन 1960 में सेवानिवृत्ति के लिए आवदेन दे दिया था जो ऐन चीन भारत युद्ध से पूर्व ही स्वीकार हो गया था । सेकेंड वर्ल्ड वार के दौरान उनके पैर में गोलियां लगी थी व वे गम्भीर रूप से घायल भी हुए लेकिन बम बरसाते हुए उन्होंने कितने दुश्मन सैनिकों को मारा होगा तब गिनती करना मुश्किल था। उन्हें इस बात का दुःख रहा कि उनके ब्रिटिश अफसर अक्सर सारा वार क्रेडिट खुद अपने आप ले लेते थे।
मेरे दादा जी ब्रिटिश काल में दरोगा।
दादाजी स्व. शंकरमणि इष्टवाल राजपुर थाने में दरोगा थे। अंग्रेज अफसर ने बेकसूर नानसू गांव के एक पुलिस जवान पर घोड़े में बैठे-बैठे कोड़ा मारा। व भारतीय होने की गाली दी। यह अफसर मसूरी जा रहा था। दादा जी ने आव देखा न ताव नशे में धुत्त अफसर को घोड़े से नीचे पटका, व बाद में घोड़े सहित उसे घुड़शाल में बंद कर दिया। वहीं अंग्रेज अफसर की मौत हो गयी। दादा जी को काला पानी की सजा सुनाई गई। दादा जी का केस तब बैरिस्टर मुकुन्दी लाल ने लड़ा। हमारे दूसरे दादा जी बलदेव प्रसाद जो मेरठ में पुलिस विभाग में ही मुंशी थे, ने इस केस पर हमारी देहरादून आराघर के पास की कपड़ों की दुकान, व कोतवाली के पास का मकान, थपलखेतु सहित अपनी कई जमीनें बेची। फिर भी वे दादा जी को कालापानी की सजा होने से नहीं बचा पाए। यह केस सालों साल चला।
हमारे गांव के सुबाग़ी कोली बताया करते थे कि जब हमारे बूढ़े दादा जी स्वर्ग सिधारे तब हम क्षेत्र के गिने चुने सम्पन्न परिवारों में शामिल थे। उनकी बरसी में तब देहरादून से बासमती चावल व राशन लाया गया था। इस समय लगभग हजार के आस पास खडीने सामान लेकर आई होगी क्योंकि डेढ़ मील दूर तक सब सफेद खडीने (भेड़ें) व उन पर लदा सामान ही दिखाई दे रहा था।
फिर वह दौर भी आया जब यह परिवार एकाएक दादा जी को कालापानी की सजा सुनाए जाने के बाद दीन हीन हो गया व पिता जी चक्रधर प्रसाद, ताऊ जी आदित्यराम व चाचा जी बिशम्बर दत्त का स्कूल छूटा। इसी गम में छोटे दादाजी बलदेव प्रसाद की हर्ट अटैक से मौत हो गयी। ताऊ जी ने हल सम्भाला और पिताजी 16 साल की उम्र में पाली गांव के अपने अभिन्न मित्र के साथ भागकर फौज में भर्ती हो गये थे। इधर छोटे दादा जी की मृत्यु हुई उधर देश आजाद हुआ और दादाजी काला पानी जाते जाते बच गए। उनकी सजा माफ हो गई।
इसी माह पिताजी का 100वां जन्मदिन है।
मुझे नाज है, गर्व है और घमंड है कि मैं ऐसे पिता का पुत्र हूँ, जिसको गौरव गाथा साथ समुद्र पार भी लिखी गयी।

