नई दिल्ली/ लखनऊ/ चंडीगढ़/देहरादून (हि. डिस्कवर टीम)।
भाजपा के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व लोकप्रिय मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के विभिन्न दलों के राजनेताओं द्वारा उनके निधन पर शोक व्यक्त किया गया।
उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में सेप्सिस और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण निधन हो गया। उन्हें 4 जुलाई को संजय गांधी पीजीआई के आईसीयू में गंभीर अवस्था में भर्ती किया था।
इससे पहले अस्पताल में भर्ती कल्याण सिंह से यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कई बार उनसे मुलाकात की थी। इसके अलावा बीजेपी के कई दिग्गज नेताओं ने भी अस्पताज जाकर उनका हाल चाल जाना था। कल्याण सिंह का जन्म 6 जनवरी 1932 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुआ था। उनके पिता का नाम श्री तेजपाल लोधी और माता का नाम श्रीमती सीता देवी था। कल्याण सिंह के 2 बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और कई बार अतरौली के विधानसभा सदस्य चुने गए, और साथ ही साथ ये उत्तर प्रदेश में लोक सभा सांसद और राजस्थान तथा हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके नियम पर ट्वीट करते हुए लिखा कि – Kalyan Singh ji gave voice to carores of people belonging to the marginalised sections of society. He made numerous efforts towards the empowerment of farmers, youngesters and women.
गृह मंत्री अमित शाह ने उनके निधन पर लगातार तीन ट्वीट किए। पहले ट्वीट में उन्होंने लिखा कि “कल्याण सिंह जी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी कर्तब्यनिष्ठा व राजनीतिक कौशल से सुशासन की संकल्पना को साकार कर जनता को भय व अपराध से मुक्त एक कल्याणकारी शासन दिया और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार कर आने वाले सरकारों के लिए उत्कृष्ट आदर्श स्थापित किये।”
पहले ट्वीट के एक मिनट के अंतराल में उन्होंने दूसरे ट्वीट में लिखा:- “जन जन के हृदय में बसने वाले प्रखर राष्ट्रवादी आदरणीय कल्याण सिंह जी जैसा महान व्यक्तित्व ढूंढ़ने पर ही बिरले मिलता है।
बाबू जी ने अपनी कर्मठता से विभिन्न पदों पर रहते हुए किसान, गरीब और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर देश की प्रगति में अपना अनुपम योगदान दिया।”
उन्होंने अपने तीसरे ट्वीट में लिखा कि ” राष्ट्र, धर्म व जनता को समर्पित ऐसे विराट व आदर्शपूर्ण जीवन को मैं कोटि-कोटि नमन करता हूँ। उनके निधन से देश व समस्त भाजपा परिवार शोकाकुल है।
ये देश व आने वाली पीढियाँ उनके वृहत योगदान के लिए सदैव ऋणी रहेंग। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे।
ॐ शांति शांति शांति”
उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनके समकक्ष समझे जाने वाले व भाजपा को ऊँचाइयों तक पहुंचाने वाले देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उनके निधन से काफी क्षुब्ध नजर आए । उन्होंने अपने सोशल पेज पर लिखा कि- श्री कल्याण सिंह जी उ. प्र. ही नहीं भारतीय राजनीति की वह क़द्दावर हस्ती थे, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व से देश और समाज पर एक अमिट छाप छोड़ी। उनका लम्बा राजनीतिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा में समर्पित रहा। वे उत्तर प्रदेश के अत्यंत लोकप्रिय मुख्यमंत्री के रूप में जाने गए।
जनसंघ के समय से ही उन्होंने भाजपा को मज़बूत बनाने और समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने के लिए कड़ी मेहनत की। श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन में भी उनकी महती भूमिका के लिए उन्हें यह देश हमेशा याद रखेगा। उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति है और मेरे लिए तो यह बहुत ही पीड़ादायक क्षण है।
श्री कल्याण सिंह जी के निधन से मैंने अपना बड़ा भाई और साथी खोया है। उनके निधन से आई रिक्तता की भरपाई लगभग असम्भव है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस कठिन घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे। ओम शान्ति!
उनके निधन पर उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की लगातार तीन ट्वीट किए । पहले ट्वीट में उन्होंने कहा कि-” प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिव्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
समाज , कल्याण सिंह जी को उनके युगान्तरकारी निर्णयों, कर्तब्यनिष्ठा व सुचितापूर्ण जीवन के लिए सदियों तक स्मरण करते हुए प्रेरित होता रहेगा।”
दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा कि- भारतीय राजनीति में सुचिता, पारदर्शिता व जन सेवा के पर्याय, अप्रितम सँगठनकर्ता एवं लोकप्रिय जननेता आदरणीय कल्याण सिंह जी का देहावसान सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्हें कोटि-कोटि श्रद्धांजलि।”
मुख्यमंत्री योगी ने अपने अंतिम ट्वीट जिसे उन्होंने सबसे पहले किया था उसमें लिखा – ” पूर्व राज्यपाल व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य आदरणीय कल्याण सिंह जी अब हमारे बीच नहीं रहे।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के निवर्तमान राज्यपाल वरिष्ठ राजनीतिज्ञ श्री कल्याण सिंह जी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।