Friday, May 9, 2025
HomeUncategorizedमेरठ में गणतंत्र दिवस पर रेलवे रोड क्षेत्र में राष्ट्रगान पर नृत्य...

मेरठ में गणतंत्र दिवस पर रेलवे रोड क्षेत्र में राष्ट्रगान पर नृत्य करने और अपमान करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश। मेरठ में गणतंत्र दिवस पर रेलवे रोड क्षेत्र में राष्ट्रगान पर नृत्य करने और अपमान करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसका संज्ञान लेने के बाद पुलिस ने एक आरोपी अदनान को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

रेलवे रोड थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर 26 सेकेंड का यह वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक युवक नृत्य कर रहा है, जबकि दूसरे युवक शोर मचा रहे हैं। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए ईदगाह भटीपुरा निवासी अदनान को गिरफ्तार कर लिया गया।

वहीं, ईदगाह निवासी आरोपी रूहुल और नवील फरार हैं। उधर, थाने पहुंचे हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी सचिन सिरोही सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और देशद्रोह का केस दर्ज करने की मांग की। एएसपी विवेक यादव ने बताया कि हलका इंचार्ज योगेंद्र सिंह की ओर से तीन आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

गणतंत्र दिवस पर मेरठ शहर में कई जगहों पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। कुछ युवकों ने तिरंगा यात्रा के नाम पर हुड़दंग और स्टंटबाजी भी की। इस दौरान पुलिस भी तमाशा देखती रही। हापुड़ रोड और दिल्ली रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। इससे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई। श्यामनगर से अकबर कुरैशी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी भी शामिल हुए। यात्रा में बाइक सवार युवकों ने हुड़दंग किया। छात्र नेता मेहताब मूसा के नेतृत्व में एल ब्लॉक तिराहे से बच्चा पार्क तक निकाली गई यात्रा में कुछ युवकों ने कार की छत पर चढ़कर नृत्य किया। पुलिस मूकदर्शक बनी रही। वहीं परतापुर में भी ऐसे ही दृश्य देखने को मिले।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES