Friday, February 27, 2026
HomeUncategorizedजहरीली शराब कांड - बिहार में ताबड़तोड़ छापेमारी, 126 गिरफ्तार, अब तक...

जहरीली शराब कांड – बिहार में ताबड़तोड़ छापेमारी, 126 गिरफ्तार, अब तक 53 की मौत

सारण। शराबबंदी वाले बिहार के सारण जिले के छपरा में जहरीली शराब से अब तक 53 लोगों की मौत हो गई। कई लोग अस्पतालों में मौत से जंग लड़ रहे हैं। आलम ये है कि कई गांवों में मातम छा गया। छपरा के बहरौली गांव का भी ऐसा ही हाल है। यहां एक साथ 11 लोगों की मौत जहरीली शराब पीने से हो गई।

वहीं दावा किया जा रहा है कि यह जहरीली शराब उसी स्प्रिट से बनी है जो मशरक थाने से चोरी हुई थी।
उधर, पुलिस इस मामले में पूरे सारण जिले में छापेमारी कर रही है। अब तक शराब के कारोबार से जुड़े 126 लोगों को गिरफ्तार किया है। 4 हजार लीटर से अधिक अवैध शराब भी जब्त की गई है। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है।

दरअसल, बिहार के सारण में इसुआपुर और मशरक थाना क्षेत्र में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से अब तक 53 लोगों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों के अनुसार, मौत शराब पीने से हुई। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है। इसमें 31 पुलिसकर्मी हैं। इतना ही नहीं मामले में मशरक पुलिस स्टेशन के एसएचओ और एक स्थानीय चौकीदार को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा मरहौरा के सब डिवीजनल पुलिस अफसर के ट्रांसफर की सिफारिश की गई है। उनके खिलाफ विभागीय जांच की मांग की गई है। डीएम और एसपी ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जिन्हें इस बारे में जो कुछ भी जानकारी है, वे लोग बिना डर के आगे आएं और पुलिस को जानकारी दें।

जहरीली शराब पीने से मरने वाले लोगों में इसुआपुर और मशरक थाने के कई गांव के लोग हैं। आज तक की टीम बिहार के बहरौली गांव पहंची। जहरीली शराब से मरने वाले लोगों में सबसे ज्यादा इसी गांव के लोग हैं। अब तक यहां 11 लोगों की मौत जहरीली शराब से हो गई है। गांव में हर तरफ सिर्फ चीख पुकार मची है। कई घरों में मातम छाया है। किसी ने अपना बेटा खोया, तो कई बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES