● प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीरज चोपड़ा से वीडियो कांफ्रेंसिंग में बात कर शुभकामनाएं दी।
● हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की 6 करोड़ देने की घोषणा।
●उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं।
नई दिल्ली (हि. डिस्कवर) ।
भारतीय जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक के जैवलिन थ्रो फाइनल में इतिहास रच दिया है। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल हासिल किया है । नीरज ने 87.58 की सर्वश्रेष्ठ दूरी तय करते हुए गोल्ड पर कब्जा किया। क्वालिफिकेशन राउंड में भी नीरज अपने ग्रुप में टॉप पर रहे थे। बता दें कि 2008 बीजिंग ओलंपिक के बाद ये भारत का पहला गोल्ड मेडल है।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीरज चोपडा को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें पता है कि आप इंजुरी से गुजर रहे थे। आप आगे भी बेझिझक बिना किसी स्ट्रेस के खेलते रहिये। हरियाणा के इस खिलाड़ी को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गोल्ड मेडल जीतने पर 06 करोड़ रुपये की धनराशि देने की घोषणा की है।
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा द्वारा जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतने तथा रेसलर बजरंग पूनिया को कांस्य पदक अर्जित करने पर बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं। मुख्यमंत्री ने इन दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी इस सफलता से पूरा देश गौरवान्वित हुआ है।
नीरज ने रचा इतिहास।
जैवलिन थ्रो के फाइनल में नीरज चोपड़ा शुरुआत से ही सबसे आगे रहे। उन्होंने अपनी पहली ही कोशिश में 87.03 मीटर की दूरी तय की है। वहीं दूसरी बार में उन्होंने 87.58 की दूरी तय करी। इसी के साथ उन्होंने अपने क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड से भी ज्यादा दूर भाला फेंका है। जैवलिन थ्रो में ये भारत का अब तक का सबसे पहला मेडल है। इतना ही नहीं एथलेटिक्स में भी ये भारत का पहला ही मेडल है।
13 साल बाद मिला गोल्ड।
ओलंपिक खेलों में ये भारत का 13 साल बाद पहला गोल्ड मेडल है। नीरज चोपड़ा से पहले बीजिंग ओलंपिक में शूटिंग में अभिनव बिंद्रा ने गोल्ड मेडल जीता था । ये ओलंपिक में भारत का कुल दूसरा व्यक्तिगत गोल्ड है। इससे पहले भारत ने हॉकी में 8 गोल्ड मेडल जीते हैं।
पूरे देश को थी गोल्ड की उम्मीद।
नीरज चोपड़ा से पूरे देश को आज गोल्ड मेडल की उम्मीद थी और वो सबकी उम्मीदों पर खरे उतरे। ऐसा इसलिए है क्योंकि उन्होंने क्वालिफिकेशन राउंड में 86.65 की दूरी तय करते हुए पहला नंबर हासिल किया था । नीरज भारत को टोक्यो में पहला गोल्ड मेडल जितवाने के सबसे बड़े दावेदार थे।
अब तक भारत के 7 मेडल।
टोक्यो ओलंपिक में भारत अब 1 गोल्ड 2 सिल्वर और 4 कांस्य सहित कुल 6 मेडल जीत चुका है। नीरज चोपड़ा के अलावा भारत की ओर से मीराबाई चानू (वेट लिफ्टिंग) और रवि दहिया (कुश्ती) ने सिल्वर मेडल जीता है। वहीं पीवी सिंधु, बजरंग पूनिया, लवलीना और भारतीय हॉकी टीम ने भारत के लिए ब्रॉन्ज जीता ।