पौड़ी गढ़वाल (हि. डिस्कवर)
सुबह ही इस क्षेत्र में नरभक्षी ने महिला का शिकार किया था और शाम होते-होते नरभक्षी तेंदुआ/बाघ के पेशेवर शिकारी जॉय हुकिल की गोली का शिकार बन गए। जहाँ एक ओर पौड़ी व कोट विकास खंड के आदमखोर तेंदुवे की दहशत में इडवालस्यूँ व नादलस्यूँ, बनगढ़स्यूँ व सितोंनस्यूँ पट्टी को लोगों ने अब थोड़ा बहुत राहत की सांस ली, वहीं यह नरभक्षी जॉय हुकिल की गोली का 50वां शिकार बना।
विकास खंड कोट के दिवार गाँव के नजदीक बाढ़यूँ गांव के जंगल में खूंखार नरभक्षी की टोह लेकर पीछा कर शिकारी जॉय हुकिल ने नरभक्षी तेंदुवे को मार गिराया है ।
ज्ञात हो कि ये जुड़वां तेंदुवे विगत छ: सात माह से बहुत ज्यादा सक्रिय थे, जिन्होंने नादलस्यूँ व इडवालस्यूँ के कई लोगों का अपना निशाना बनाया था। वन मंत्री सुबोध उनियाल, जिलाधिकारी पौड़ी व ड़ीएफओ पौड़ी से आदेश मिले आदेश पर तत्परता दिखाते हुए जॉय हुकिल द्वारा आज ही एक ग्रामीण महिला को अपना शिकार बनाने वाले नरभक्षी को मार गिराया ।
ज्ञात हो कि नरभक्षी के कारण चारों ओर दहशत का माहौल था और नाराज ग्रामीण लगातार बढ़ रहे नरभक्षी के खतरे से निपटने में अधिकारियों पर पूरी तरह अक्षमता और लापरवाही का आरोप लगा रहे थे।
ज्ञात हो कि विगत 16 मई 2016 को बमठी गाँव और कमंध गाँव में दो आदमखोरों ने दो लोगों को मार डाला था और उससे पहले घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज के पास एक व्यक्ति को अपना शिकार बना दिया था। हाल के कुछ दिन पूर्व ही उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल के ऊँणयूँ गाँव में भी नरभक्षी ने एक महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसके काफी विवाद खड़ा हो गया था। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के दिशा निर्देश पर जॉय हुकिल ने कुछ महीने पहले ही आदमखोर बाघ के जोड़े में से एक को बाड़ा गाँव के पास मार गिराया था।
आदमखोर के मार गिराये जाने के बाद जहाँ ग्रामीण कल तक सरकारी सिस्टम को कोस रहे थे, आज वही सिस्टम की प्रशंसा करते नजर आये। ग्रामीणों ने पेशेवर शिकारी जॉय हुकिल का जोरदार समर्थन कर उनका आभार व्यक्त किया है।

