Thursday, February 26, 2026
Homeउत्तराखंडकार दुर्घटना में घायल भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत को लिगामेंट इंजरी के...

कार दुर्घटना में घायल भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत को लिगामेंट इंजरी के उपचार के लिए ले जाया गया मुंबई

देहरादून। कार दुर्घटना में घायल भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत अपनी चोट से उबर रहे हैं। उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। हालांकि उनके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में दर्द व सूजन अभी बनी हुई है। जिसके लिए उन्हें पेन मैनेजमेंट थेरेपी दी जा रही है। वहीं बुधवार को ऋषभ पंत को लिगामेंट इंजरी के उपचार के लिए मुंबई ले जाया गया है। जिसके लिए वह एंबुलेंस से दोपहर करीब डेढ़ बजे बाद मैक्‍स अस्‍पताल से रवाना हो गए। यहां से वह जौलीग्रांट एयरपोर्ट गए और उन्‍हें मुंबई के लिए एयरलिफ्ट किया गया। उनके साथ छोटी बहन, अन्य स्वजन व डीडीसीए के डॉक्टरों की टीम भी मौजूद रही

डीडीसीए निदेशक श्याम शर्मा ने कहा है कि क्रिकेटर ऋषभ पंत को आगे के इलाज के लिए आज मुंबई के लीलावती अस्‍पताल में स्थानांतरित किया गया। बताया जा रहा है कि बीसीसीआइ ने इसके लिए सहमति दी है। वहां उनके घुटने और टखने की चोट का भी उपचार किया जाएगा। मुबंई में ऋषभ पंत के बीसीसीआइ के खेल आर्थोपेडिक डॉक्‍टरों की देखरेख में रहने की उम्मीद है। अगर सर्जरी होनी होगी तो ब्रिटेन या अमेरिका में की जाएगी, जिस पर बीसीसीआइ द्वारा फैसला किया जाएगा। क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित नारसन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। भीषण कार हादसे में ऋषभ के शरीर के कई हिस्सों में चोट आई थीं। उनके माथे पर दो कट हैं। वहीं दाहिने घुटने का लिगामेंट फट गया है। दाहिनी कलाई, टखने, पैर के अंगूठे व शरीर के पिछले हिस्से में भी रगड़ लगने से घाव हैं।

दून स्थित मैक्स अस्पताल के हड्डी रोग, स्पाइन, न्यूरो, प्लास्टिक सर्जन व अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही थी। उनकी स्पाइन व ब्रेन की एमआरआइ रिपोर्ट सामान्य आई थी। पर टखने व घुटने की एमआरआइ पांच दिन बाद भी नहीं हो सकी।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES