Thursday, February 26, 2026
Homeउत्तराखंडहरिद्वार में शराब के नशे में धुत युवकों ने बोनट पर लटके...

हरिद्वार में शराब के नशे में धुत युवकों ने बोनट पर लटके व्यक्ति को लेकर पूरी रफ्तार में दौड़ाई कार

हरिद्वार। कनखल में कार से टक्कर मारने के बाद शराब के नशे में धुत युवकों ने बोनट पर लटके व्यक्ति को लेकर पूरी रफ्तार से कार दौड़ा दी। कई किलोमीटर तक युवक कार दौड़ाते रहे और बोनट पर लटके व्यक्ति की सांसें अटकी रही। कंट्रोल रूम पर सूचना फ्लैश होने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सप्तऋषि चेकपोस्ट पर पुलिसकर्मी कार के आगे आए, तब व्यक्ति को बोनट से उतारकर आरोपित भाग खड़े हुए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए कार नंबर के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। कनखल क्षेत्र में दिल्ली हाईवे से सटी द्वारिका विहार कालोनी निवासी अरविंद कुमार अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। उनकी कार घर के बाहर खड़ी थी। अचानक तेज आवाज आने पर अरविंद बाहर निकले। उन्होंने देखा कि कार को एक दूसरी कार ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। वह दौड़कर दूसरी कार के पास पहुंचे और विरोध किया।

कार में मौजूद नशे में धुत युवक उनसे गालीगलौच करने लगे। इस बीच चालक ने कार चला दी। अरविंद ने बोनट पकड़ा और कार चलने पर वह लटक गए। नशे में धुत युवक बोनट पर लटके अरविंद को लेकर हाईवे पर पहुंच गए। इधर, अरविंद की पत्नी ने पुलिस कंट्रोल रूप को सूचना दी। कार का नंबर फ्लैश होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।सप्तऋषि चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी मनिंदर ने कार रोकने का प्रयास किया। कुछ दूरी पर चालक ने कार की स्पीड कम की, जिस पर अरविंद कुमार ने तुरंत उतरकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद युवक कार लेकर फरार हो गए। इंस्पेक्टर कनखल मुकेश चौहान ने बताया कि कार का नंबर रजिस्ट्रेशन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक जिले से हुआ है। कार नंबर के आधार पर आरोपितों की जानकारी जुटा रहे हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES