Tuesday, March 17, 2026
Homeउत्तराखंडराज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने किया "फिक्की फ्लो-इम्पॉवरिंग द ग्रेटर 50%"...

राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने किया “फिक्की फ्लो-इम्पॉवरिंग द ग्रेटर 50%” का वर्चुअल शुभारम्भ।

राजभवन देहरादून (हि. डिस्कवर)।
राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने मंगलवार को राजभवन से महिला सशक्तीकरण अभियान “फिक्की फ्लो-इम्पॉवरिंग द ग्रेटर 50%” का वर्चुअल शुभारम्भ किया। अभियान से जुड़ी महिलाओं को बधाई देते हुये राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि अधिक से अधिक महिलाओं को उद्यमशीलता हेतु प्रोत्साहन किया जाना चाहिये। आर्थिक रूप से सशक्त महिलाएं निर्णय लेने हेतु स्वतंत्र होंगी। महिलाओं को अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं विकास के समान अवसर प्राप्त होने चाहिये। यदि महिलाओं को समान अवसर प्राप्त होते हैं तो इससे देश की जीडीपी में वृद्धि होगी। उद्यमिता में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से रोजगार के अधिक से अधिक अवसर पैदा होंगे।
राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि महिलाओं में उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिये प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता है। उन्हें डिजिटल वित्तीय साक्षरता की जरूरत है। महिलाओं की वित्त और व्यापार बढ़ाने वाले माध्यमों तक पहुंच बढ़ानी होगी। उन्हें बुनियादी कानूनी अधिकारों के बारे में भी जागरूक करना होगा। कार्यस्थलों पर लिंग भेद मिटाने के लिए प्रशिक्षण की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने कहा कि कॉरपरेट बोर्डा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है। महिलाओं को छोटे-छोटे उद्यमों की स्थापना हेतु प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन मिलना चाहिये। उन्हें सरकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी जानी चाहिये। कौशल विकास के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक स्वालम्बन का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।
राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को जल संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना आवश्यक है। वर्षा ऋतु के दौरान जल संचय के प्रयास किये जाने चाहिये। छोटे-छोटे तालाबों के निर्माण को प्रोत्साहित किया जाना चाहिये। महिलाओं को कोविड-19 से सम्बन्धित सावधानियों के प्रति भी जागरूक किया जाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान फिक्की की डिप्टी सेक्रेटरी जनरल श्रीमती ज्योति विज ने कहा कि फिक्की फ्लो द्वारा उत्तराखण्ड में महिलाओं की आजीविका बढ़ाने हेतु प्रयास किये जा रहे हैं। ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के लिये प्रोत्साहित किये जाने की योजना है।
फिक्की फ्लो की को-चेयर श्रीमती हरजिन्दर कौर तलवार ने कहा कि महिलाओं में आत्मविश्वास है तथा वे प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर रही हैं। उन्हें और अधिक प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
फिक्की फ्लो उत्तराखण्ड चैप्टर की वाईस चेयरमेन डा0 नेहा शर्मा ने कहा कि देश के विकास में महिलाएं पुरूषों के समान योगदान दे रही हैं। बहुत सी बाधाओं को पार करते हुये महिलाएं अपने परिश्रम एवं लगन के साथ प्रत्येक क्षेत्र में उपलब्धियाँ हासिल कर रही हैं। लेकिन फिर भी आज महिलाओं के एक बड़े हिस्से को सशक्तीकरण एवं प्रोत्साहन की आवश्यकता है।
उल्लेखनीय है कि महिलाओं में उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने हेतु फिक्की तथा फिक्की लेडीज ऑर्गेनाइजेशन द्वारा जून 2020 में “इम्पॉवरिंग द ग्रेटर 50%” नाम से महा अभियान आरम्भ किया। अभियान के तहत अगले वर्ष तक कम से कम एक लाख महिलाओं को उद्यमशीलता हेतु प्रोत्साहित किया जायेगा। विभिन्न प्रकार से महिलाओं में उद्यमशीलता और निर्णय लेने के कौशल बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। महिलाओं हेतु मेंटरशिप कार्यक्रम, डिजिटल वितीय साक्षरता, कॉर्पोरेट प्रोग्राम एवं विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाये जाएंगे।
 इस वर्चुअल कार्यक्रम में फिक्की फ्लो की इमिडिएट पास्ट प्रेजिडेंट डा0 संगीता रेडडी, फिक्की फ्लो की प्रेजिडेंट श्रीमती जाहनवी फूकन तथा फिक्की फ्लो उत्तराखण्ड चैप्टर की चेयरपर्सन श्रीमती किरन भट्ट भी सम्मिलित थी।
Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES