देहरादून (हि. डिस्कवर)।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सल्ट विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन पर ब्यक्त किया गहरा शोक
देहरादून । उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सल्ट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।श्री अग्रवाल ने कहा कि आज हमने राजनीति एवं समाज की सेवा में अग्रणी रहने वाले एक धरोहर को खो दिया है।
उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रभावी व्यक्तित्व के धनी एवं विधायी कार्यवाही के जानकार सुरेंद्र सिंह जीना के निधन की खबर सुनकर शोक स्तब्ध हूं।श्री अग्रवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले ही उनकी पत्नी नेहा जीना इस संसार को छोड़कर चली गई थी तब से लेकर वे खुद बीमार चल रहे थे।उन्होंने कहा कि वे सदन में क्षेत्र एवं समाज के हितों के लिए अपनी आवाज बुलंद करते थे। वे पक्ष एवं विपक्ष दोनों के लिए ही एक प्रिय नेता थे।श्री अग्रवाल ने कहा कि संसदीय प्रक्रिया के गहन जानकार और हमेशा लोक महत्व के अविलंबनीय मुद्दों को सदन में उठाने वाले एक सजग प्रहरी का निधन उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।उनकी बेदाग छवि, हंसमुख मुस्कान एव समाज के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा हमारे लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत का कार्य करेगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने ईश्वर से उनकी दिवंगत आत्मा की शांति एवं उनके परिजनों को इस असीम दुख को सहने के लिए शक्ति प्रदान करने हेतु भगवान से प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विधानसभा क्षेत्र सल्ट के विधायक श्री सुरेन्द्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्री जीना के निधन से राज्य ने एक ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता खो दिया है। उनकी गणना हमेशा सक्रिय रहने वाले विधायकों में थी। वे वंचित वर्गों की आवाज़ मुखर करने वाले तथा अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे।
विधायक जीना का निधन एक अपूर्णीय क्षतिः महाराज।
देहरादून। सल्ट, अल्मोडा से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के निधन पर प्रदेश के पर्यटन, सिंचाई, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री श्री सतपाल महाराज ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
श्री सतपाल महाराज ने अपने शोक संदेश में कहा कि सल्ट विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के निधन का समाचार सुनकर बहुत दुख हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। उन्होने कहा कि मेरी गहरी संवेदनाएं स्वर्गीय श्री सुरेंद्र सिंह जीना जी के परिजनों के साथ हैं।
श्री सतपाल महाराज ने कहा कि श्री जीना हमारे युवा, ओजस्वी होनहार व ऊर्जावान विधायक थे। उनका निधन एक अपूर्णीय क्षति है। श्री महाराज ने कहा कि पिछले माह 27 अक्टूबर को उनकी पत्नी नेहा जीना का हार्टअटैक से निधन हुआ था और अब उनके निधन से परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है। ईश्वर यह दोहरा दुःख सहन करने की शक्ति परिवार को दे।