(मनोज इष्टवाल)
विकास खण्ड खिर्सू के अंतर्गत खिर्सू की महिलाओं ने फिर से हर साल की भांति इस साल भी दरांती, झाड़ी, पानी के भरे बर्तनों को सिर में उठाकर अपने क्षेत्र के सरकारी जंगल को बचाने की भरसक कोशिश की। ये वन देवियां सारे दिन भर लगभग 5 किमी. दायरे में फैली आग को बुझाने की मशक्कत करती रही और आग बुझाकर ही दम लिया। इस दौरान वन विभाग का कोई कर्मी उधर दिखा हो ऐसा कहना मुश्किल है।
खिर्सू बाजार में रहकर जल, जंगल, जमीन और जानवर के लिए जिंदगी न्यौछावर करने वाली ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि जंगल है तो यहां पर्यावरण शुद्ध है। जंगल है तो घास लकड़ी व जानवर सुरक्षित हैं। जंगल हमारे लिए पिता पुत्र दोनों ही हैं। फिर भी जाने कौन सा दानव हर बर्ष नए जन्म लेने वाले पौधों की ईह-लीला समाप्त करने के लिए आग लगा देते हैं।
खिर्सू की श्रीमती बिमला रावत आग लगाने वाले को बुरा भला कहती हुई कहती हैं कि ऐसे अराजक तत्व एक बार हम बहनों के हाथ चढ़ जाते तो हम उन्हें भी ऐसे ही जला डालती जैसे वे हमारी प्रकृति के स्वरूप को कुरूप बना देते हैं। क्या वे लोग नहीं जानते हैं कि जंगलों की आग से न सिर्फ पेड़-पौधे वन औषधियां जलती हैं बल्कि यह माह कई पशु पक्षियों का प्रसव काल का होता है। ऐसे में रात दिन मेहनत कर घोंसला बनानी वाली चिड़ियाएं अंडा व बच्चे जनती हैं तो मृग छौने अपनी शिशिर अवस्था में होते हैं। सिर्फ यही नहीं समस्त वन्य प्राणी जिसमें कीट पतंगे भी सम्मिलित होते है ऋतु परिवर्तन के दौर से गुजर रहे होते हैं। ऐसे में ये आग लगाने वाले शायद ये भूल जाते हैं कि उनके घर परिवार में भी उनके बच्चे हैं। अब आप ही बताओ वे कितनी आत्माओं का श्राप लेकर अपनी खुशी ढूंढते हैं।
यही विचार श्रीमती वंदना, हेमन्ती, सती, पूनम, शुबदी, सुनीता, रोशनी, विनीता इत्यादि के हैं। जो आग बुझाने के बाद पानी के लीकेज पाइप लाइन के पास अपनी प्यास बुझाती नजर आईं।
प्रश्न यह है कि इन माँ-बहनों को बदले में जंगल से क्या मिलता है? जबाब मिलता है वे जानवरों के लिए चारापत्ती पाकर ही खुश हैं लेकिन दुःख इस बात का है कि ऐसी ही जंगल में लगी बर्षों पुरानी आग से टूटे सड़ गल रहे सूखे पेड़ों की टहनियां तक ग्रामीण महिलाओं को काटने पर जुर्माना भरना पड़ता है। यही सूखे पेड़ आग लगने में विकट रूप धारण कर लेते हैं व इनसे उठती चिंगारियां दूर तक उड़ती हुई जंगल के कोने-कोने तक पहुंच जाती हैं।
बहरहाल ये वन देवियां हर साल बिना स्वार्थ जंगलों की आग बुझाने निकल पड़ती हैं, क्योंकि उन जंगलों में उन्हें अपने रक्षक पिता-पुत्र जो नजर आते हैं।

