Saturday, March 21, 2026
Homeउत्तराखंडराज्य के ऑर्गेनिक उत्पादों की राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी मार्केटिंग...

राज्य के ऑर्गेनिक उत्पादों की राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी मार्केटिंग बहुत आवश्यक है।-राज्यपाल

राजभवन देहरादून 15 अक्टूबर, 2020(हि. डिस्कवर)
राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी  मौर्य ने कहा कि उत्तराखण्ड की महिलाओं द्वारा बनाये गये उत्पादों तथा राज्य के ऑर्गेनिक उत्पादों की राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी मार्केटिंग बहुत आवश्यक है। राज्य के स्थानीय जैविक उत्पादों के उत्पादन तथा मार्केटिंग को प्रोत्साहित करके यहां की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा सकता है। राज्यपाल ने कहा कि राज्य के शिक्षित युवाओं को अपने गांवों को ही अपना कार्यक्षेत्र बनाना चाहिये। उत्तराखण्ड की स्थानीय आर्गेनिक चाय के बागानों की चाय देश व दुनिया के उपभोक्ताओं तक पहुंचनी चाहिये। उत्तराखण्ड राज्य विश्वभर में ऑर्गेनिक उत्पादों का एक बड़ा आपूर्तिकर्ता बन सकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाएँ परिश्रमी तथा प्रतिभावान है, लेकिन उन्हें व्यावसायिक कौशल भी सीखना होगा। राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने गुरूवार को राजपुर रोड, देहरादून स्थित एक स्थानीय होटल में उत्तराखण्ड के ऑर्गेनिक उत्पादों को समर्पित यलो हिल्स संस्था की वेबसाइट का शुभारम्भ किया तथा संस्था की पत्रिका का विमोचन किया। राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि किसानां को आर्गेनिक खेती की तकनीकी जानकारी देकर उन्हें खाद्यान्न उत्पादन के लिये प्रेरित किया जाना चाहिये।
इस अवसर पर वन मंत्री डा0 हरक सिंह रावत ने कहा कि स्वरोजगार से जुड़कर राज्य के युवा तथा महिलाएँ आजीविका कमा सकते है तथा स्थानीय आर्थिकी को सशक्त कर सकते हैं।
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखण्ड में 6.5 लाख हेक्टेयर भूमि में ऑर्गेनिक फार्मिंग की जा रही है। उत्तराखण्ड राज्य गत दो वर्षो से निरन्तर श्रेष्ठ ऑर्गेनिक राज्य का पुरस्कार प्राप्त कर रहा है। राज्य में ऑर्गेनिक खेती हेतु कानून लाया गया है।
महिला उत्थान एवं बाल कल्याण संस्थान तथा यलो हिल्स संस्था की अध्यक्षा श्रीमती अनुकृति गुंसाई रावत ने कहा कि राज्य में स्वरोजगार के माध्यम से ही पलायन को रोका जा सकता है। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करके ही महिला सशक्तीकरण को आगे बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम में महिला उत्थान एवं बाल कल्याण संस्था तथा यलो हिल्स संस्था के पदाधिकारी तथा कार्मिक, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएँ उपस्थित थी।
Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES