Wednesday, February 25, 2026
HomeUncategorizedमाता वैष्णो देवी परिसर में हुई बर्फबारी से भक्तों का और बढ़ा...

माता वैष्णो देवी परिसर में हुई बर्फबारी से भक्तों का और बढ़ा उत्साह, मन की दोहरी मुराद हुई पूरी

जम्मू- कश्मीर।  माता वैष्णो देवी परिसर में हुई बर्फबारी से भक्तों का उत्साह और बढ़ गया है। बर्फबारी को देखकर भक्तों के चेहरे खिल उठे हैं। उनके मन की दोहरी मुराद पूरी हो गई है। शनिवार को मौसम साफ होने से भवन की तरफ जाने वाले यात्रियों को राहत मिली है। बैटरी कार और रोपवे सेवा लगातार जारी है। शुक्रवार को बारिश व हिमपात से लोगों को थोड़ी परेशानी हुई। इस बीच कटड़ा व सांझी छत के बीच चलने वाली हेलिकॉप्टर सेवा धुंध व बारिश के कारण प्रभावित रही। हालांकि, बैटरी कार सेवा जारी रहने से भक्तों को राहत मिली। इसके अलावा भवन सहित त्रिकुटा पर्वत पर हिमपात ने ठंड काफी बढ़ा दी है।

लेकिन भक्तों का जोश भी सर्दी के हिसाब से ही बढ़ रहा है। बर्फ देखकर भी भक्त उत्साहित हो रहे हैं। भवन से मिली जानकारी के अनुसार माता वैष्णो देवी के दरबार में चार से पांच इंच तक हिमपात हुआ है। वहीं, त्रिकुटा पर्वत की ऊंची चोटियों पर एक फुट तक बर्फबारी हुई। इस मौसम का भक्त भरपूर लुत्फ ले रहे हैं। बर्फबारी उन्हें खासी उत्साहित कर रही है। गाजियाबाद से माता के दर्शन के लिए आए श्रद्धालु मोहन यादव, रमेश कुमार, सुनीता यादव, अनामिका, आदि ने कहा कि भवन में हिमपात होता देख वह काफी जोश से भर गए थे।

उस समय ठंड भी कम लग रही थी। बाद में ठंड में इजाफा हुआ, लेकिन भवन मार्ग पर स्थानीय लोगों और श्राइन बोर्ड ने जगह-जगह आग जला रखी थी, जिससे काफी राहत मिली। उधर, पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को 15290 भक्तों ने प्राकृतिक पिंडियों के समक्ष नमन किया। शुक्रवार देर शाम तक 12500 से अधिक भक्त पंजीकरण कराकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। शुक्रवार सुबह त्रिकुट पर्वत पर बादलों ने डेरा जमा रखा था, और बारिश भी जारी थी। इसके कारण कटड़ा से सांझी छत के बीच चलने वाली हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। वहीं, बैटरी कार सेवा दिनभर जारी रही, लेकिन बर्फबारी के कारण रोपवे सेवा प्रभावित रही। बारिश के बीच श्रद्धालु बरसाती ओढ़कर भवन की ओर रवाना हुए।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES