देहरादून (हि. डिस्कवर)।
कुमाऊं मंडल से एनडी टीवी के पत्रकार दिनेश मानसेरा को आखिर उत्तराखंड प्रदेश में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने मीडिया सलाहकार नियुक्त कर ही दिया है। सूत्रों का मानना है कि दिनेश मानसेरा आरएसएस लॉबी के चहेते होने के कारण मीडिया सलाहकार नियुक्त किये गए हैं।
पूर्व में कोका-कोला में कार्य कर पत्रकारिता में कदम रखने वाले दिनेश मानसेरा ने सुप्रसिद्ध टीवी एंकर व जर्नलिस्ट नलिनी सिंह के टीवी लाइव “आंखों देखी” से अपनी पत्रकारिता की शुरुआत की। उसके अलावा वे पांचजन्य में उत्तराखण्ड से लगभग 20 बर्ष स्टेट हेड रहे।
दिनेश मानसेरा एनडी टीवी में जाने से पूर्व उत्तराखंड में एक न्यूज चैनल के हेड रहे लेकिन सरकार के कुछ नेताओं की नजर में इनकी बेबाक पत्रकारिता खलने लगी और उन्हें चैनल से बाहर निकलना पड़ा।
इस सुनहरे मौके को एनडी टीवी के रवीश कुमार ने बखूबी समझा और दिनेश मानसेरा एनडी टीवी से जुड़ गए। दिनेश मानसेरा के मीडिया सलाहकार बनते ही फिर मीडिया जगत में यह बात सुर्खियों में छा गयी कि आखिर एनडी टीवी के पत्रकार को भला मीडिया सलाहकार कैसे बना दिया गया। तो आपको जानकारी दे दें कि न सिर्फ दिनेश मानसेरा बल्कि उनका पूरा परिवार धुर्र संघ परिवार की बैक ग्राउंड से आता है। अब अगर ऐसे में हम मुख्यमंत्री के किसी नजदीकी व्यक्ति पर यह आरोप लगाते हैं कि यह सब किया धरा उसका है तो यह कहना बेमानी होगी। दिनेश मानसेरा अपनी प्रतिभाओं की बदौलत आज प्रदेश सरकार में मीडिया सलाहकार बने हैं, यह बात भी कही जा सकती है। व्यक्तिगत तौर पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का परिचय दिनेश मानसेरा से कितना है यह तो नहीं पता लेकिन यह भी सत्य है कि संघ परिवार के बीच अच्छी पकड़ ही उन्हें इस पद तक ले गई है।
हल्द्वानी शहर में उनकी थाल सेवा ने भी लोगों के बीच अच्छी छाप छोड़ी है। हिमालयन डिस्कवर की ओर से दिनेश मानसेरा को शुभकामनाएं।

