उधमसिंह नगर/ देहरादून (हि. डिस्कवर)।
बाजपुर निवासी पनवाड़ी को नशे में धुत्त एक पुलिसकर्मी द्वारा पान के पैसे मांगने पर कार से कुचल दिया गया। घायल व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गयी, जिसके कारण पूरे शहर में पुलिस के विरुद्ध बबाल उठ गया।
विगत दो दिन पूर्व अर्थात 30 दिसम्बर की रात्रि के इस प्रकरण को पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने उधमसिंहनगर के थाना बाजपुर क्षेत्रान्तर्गत की दुखद घटना को स्थानीय पुलिस द्वारा गम्भीरता से न लेने, आमजन से समन्वय स्थापित न कर शान्ति/कानून व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न होने एवं सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही पोस्टों के सम्बन्ध में समय से कार्यवाही न करने के लिए उधमसिंहनगर के समस्त पुलिस सोशल मीडिया माॅनिटरिंग सेल, सोशल मीडिया सेल के प्रभारी एवं थाना बाजपुर के रात्रि अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करने हेतु पुलिस महानिरीक्षक, कुमायूं परिक्षेत्र को निर्देशित किया है।
अशोक कुमार ने कहा कि बाजपुर में जो हुआ यह बहुत ही दुखद हादसा था। यह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। ऐसे घटना क्रम बर्दाश्त नहीं किये जा सकते और जो भी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी के प्रति असंवेदनशील नजर आएगा उस पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
ज्ञात हो कि बाजपुर पुलिस के नशे में धुत्त सिपाही ने पान की दुकान चलाने वाले दुकानदार गौरव रुहेला के पैसे मांगने पर कार चढ़ाकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया था व गौरव के पान के खोखे को भी तोड़ दिया था। आनन फानन अस्पताल में भर्ती किये गये गौरव की इलाज के दौरान मौत हो गयी। इस घटनाक्रम से उपजे बबाल के कारण बाजपुर की कानून व्यवस्था सम्भालने के लिए खुद एसएसपी को कमान सम्भालनी पड़ी।
बहरहाल डीजीपी द्वारा की गई इस त्वरित कार्यवाही की लोग प्रशंसा करते नजर आए।

