Friday, October 18, 2024
Homeउत्तराखंडआरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारिणी का फ़ैसला- उत्तराखंड प्रांत प्रचारक व सहप्रचारक...

आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारिणी का फ़ैसला- उत्तराखंड प्रांत प्रचारक व सहप्रचारक की उत्तराखंड से छुट्टी।

देहरादून (हि.डिस्कवर)।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिलभारतीय कार्यकारिणी की बैठक में एक महत्वपूर्ण फ़ैसला लेते हुए संघ के उत्तराखंड प्रांत प्रचारक युद्धवीर सिंह यादव व सह प्रांत प्रचारक दीवान सिंह उर्फ़ देवेंद्र सिंह को उत्तराखंड से हटा दिया गया है। यह रूटीन ट्रांसफ़र के रूप में देखा जाना चाहिए क्योंकि युद्धवीर सिंह यहाँ विगत 06 वर्षों से थे।

दूसरी ओर विश्वस्त सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधान सभा भर्ती व UKSSSC भर्ती घोटाले में उनके नाम अपने रिश्तेदारों को बैकडोर नौकरी लगाने में आने के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने अपने स्तर पर भी जाँच जारी रखी। भले ही उत्तराखंड प्रांत प्रचारक ने इसे भ्रामक बताया व इस प्रकरण पर एफआईआर दर्ज करवाई। एफआईआर दर्ज करवाने के बाद कोई गिरफ़्तारी हुई भी या नहीं यह जानकारी मीडिया में अपर्याप्त रही।

जानकार बताते हैं कि आरएसएस मुख्यालय ने इस मामले को बेहद गम्भीरता से लिया और इस पर अंदरूनी जाँच बिठाई। अभी यह प्रकरण चल ही रहा था कि अंकिता भंडारी हत्याकांड प्रकरण सामने आने पर जैसे ही डॉ विनोद आर्य के पुत्र पुलकित आर्य क़ा नाम सामने आया, संघ द्वारा प्रांत प्रचारक व सहप्रांत प्रचारक के उत्तराखंड के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए थे। यह तभी से लगने लगा था कि जल्दी ही संघ, संगठन व भाजपा में कुछ बड़े बदलाव दिखने को मिलेंगे।

जानकारों की माने तो उत्तराखंड प्रांतीय स्तर पर फेरबदल होना इसलिए भी ज़रूरी दिख रहा था क्योंकि यह पहली बार दिखने को मिला कि भाजपा नेताओं के अलावा उत्तराखंड में प्रांत प्रचारक भी कई बार बड़े स्तर पर मीडिया से रूबरू हो रहे थे। संघ, संगठन जहां अनुशासन के साथ इस सब पर खामोशी अख़्तियार किए हुए नज़र आ रहा था वहीं अंदरूनी खूसर पुसुर में कहीं न कहीं इस सब क़ा ज़िक्र भी शामिल होता। उत्तराखंड में लगातार एक के बाद एक हो रहे प्रकरणों के कारण जहां धामी की भाजपा सरकार घिरती नज़र आ रही थी वहीं संघ, संगठन की अंदरूनी रिपोर्ट्स के बाद आख़िरकार प्रयागराज में हुई आज संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रांत प्रचारक युद्धबीर सिंह यादव व सह प्रांत प्रचारक देवेंद्र सिंह की विदाई तय कर दी गयी।

आरएसएस सूत्रों के मुताबिक युद्धवीर यादव को पूर्वी उत्तर प्रदेश का सह क्षेत्र सेवा प्रमुख केंद्र कानपुर बनाया गया है वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड के सह प्रांत प्रचारक देवेंद्र सिंह को हरियाणा भेज दिया गया है। उन्हें वहाँ ग्रामीण विकास का सह क्षेत्र सेवा प्रमुख बनाया गया है इसका क्षेत्र हरियाणा रहेगा पंजाब और चंडीगढ़ भी देखेंगे।

 

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES