Thursday, February 26, 2026
HomeUncategorizedनेटफ्लिक्स पर सबसे ज्यादा देखी गई फिल्म चोर निकल के भागा, आरआरआर...

नेटफ्लिक्स पर सबसे ज्यादा देखी गई फिल्म चोर निकल के भागा, आरआरआर को भी पछाड़ा

यामी गौतम और सनी कौशल की फिल्म चोर निकल के भागा रिलीज होने के बाद से लगातार सुर्खियों में है। फिल्म को समीक्षकों से खूब प्यार मिला था और अब नेटफ्लिक्स पर भी इसे दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। दिलचस्यप बात यह है कि ये फिल्म स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर पहले 2 हफ्ते में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली भारतीय फिल्म बन गई है और इस मामले में इसने  आरआरआर  जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म को भी पीछे छोड़ दिया है।

फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने ट्वीट किया, चोर निकल के भागा नेटफ्लिक्स पर छाई हुई है। रिलीज के 2 हफ्तों में यह दुनियाभर में इस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा देखी जाने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इसे 2 करोड़ 90 लाख घंटे की व्यूअरशिप मिली है। दूसरी तरफ पहले 2 हफ्तों में  आरआरआर  को 2 करोड़ 55 लाख घंटे के आसपास देखा गया था, वहीं गंगूबाई काठियावाड़ी की व्यूअरशिप 2 करोड़ 21 लाख घंटे थी।

पिछले साल  आरआरआर  के हिंदी वर्जन और गंगूबाई काठियावाड़ी को नेटफ्लिक्स पर सबसे ज्यादा देखा गया था। तीसरे नंबर पर कार्तिक आर्यन की फिल्म भूल भुलैया 2 थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,  आरआरआर  को कुल 7 करोड़ 30 लाख घंटे, गंगूबाई काठियावाड़ी को 5 करोड़ घंटे और भूल भुलैया 2 को 2 करोड़ 10 लाख घंटों की व्यूअरशिप मिली थी। ये तब था, जब तीनों ही फिल्में ओटीटी पर आने से पहले सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी थीं।

चोर निकल के भागा 24 मार्च को नेटफ्लिक्स पर आई थी। इसमें यामी और सनी के अलावा अभिनेता शरद केलकर ने भी अहम भूमिका निभाई थी। अजय सिंह इसके निर्देशक हैं। फिल्म की कहानी नेहा नाम की महिला की है, जो एक फ्लाइट अटेंडेंट है और अपने बॉयफ्रेंड का करोड़ों रुपये का कर्ज चुकाने के लिए उसके साथ मिलकर जमीन से कई हजार फीट ऊपर उड़ रहे एक प्लेन में हीरों की चोरी को अंजाम देने की तैयारी करती है।

यामी ने फिल्म में खूब तारीफ बटोरी। पिछली बार फिल्म लॉस्ट में भी उन्होंने अपनी अदाकारी से खूब वाहवाही लूटी थी और इसी के साथ अब उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी सीट पक्की कर दी है। डर, चिंता, बेबसी, गुस्सा हर भाव को उन्होंने बखूबी अपने चेहरे पर उतारा। फिल्म की कहानी के केंद्र में यामी ही थीं और उन्होंने शुरू से लेकर अंत तक दर्शकों को खुद से बांधे रखा। उनकी मौजूदगी ने फिल्म में चार चांद लगा दिए।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES