(मनोज इष्टवाल)
मुम्बई को मायानगरी यूँही नहीं कहा जाता। इसके बगल से बहते सागर की लहरों के नमकीन पानी में इतना दम खम तो है कि यह किसी के आंखों से नमकीन पानी नहीं बहने देता। यहाँ ऐसा कम ही दिखने को मिला है कि भूख से किसी ने कभी दम तोड़ा हो।
ऐसा ही कुछ मधुरिमा तुली के साथ भी हुआ है। सन 2003 में उत्तराखंड की धरती से मिस उत्तराखंड बनने के बाद 2004 में तेलुगु फ़िल्म “सट्टा” से बड़े पर्दे की शुरुआत करने वाली मधुरिमा को मायानगरी में अपने को स्थापित करने के लिए तीन साल इंतजार करना पड़ा और फिर कस्तूरी ने उन्हें ऐसा प्लेटफॉर्म दिया कि वह हॉलीवुड बॉलीवुड व छोटे पर्दे पर अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब हो गयी।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से सपरिवार मुम्बई शिफ्ट हुई मधुरिमा का छोटा भाई श्रीकांत तुली ने भी अपना भविष्य मुम्बई फ़िल्म इंडस्ट्री में ही ढूंढना शुरू किया। माँ मॉन्टेनर विजया तुली पन्त बच्चों की ख्वाइशों को परवान चढ़ाने के लिए हर मुकाम पर उनका हौसला अफजाई करती दिखाई दी। एक ओर श्रीकांत फोटोग्राफी में हाथ आजमाता रहा तो दूसरी ओर डायरेक्शन की बारीकियां सीखने लगा । उधर मधुरिमा कभी टीवी शो, कभी विज्ञापन तो कभी फिल्मों में अपने को स्थापित करती चली गयी।
2015 में अचानक अक्षय कुमार की “बेबी” फ़िल्म में उनकी पत्नी का अभिनय निभाने पर लाइम लाइट में आई मधुरिमा के पास आज भी कई ऑफर हैं लेकिन अपने छोटे भाई श्रीकांत तुली के एल्बम “हय्या” में अभिनय करने से मधुरिमा खुद को रोक नहीं पाई। ग्लैमर्स के भरपूर अंदाज में मधुरिमा ने अपने अभिनय के जलवे बिखेरे तो दूसरी ओर श्रीकांत व उसके टेक्निकल स्टॉफ ने इस गीत को फिल्माने में ऐड़ी चोटी का जोर लगा दिया। जिसका परिणाम हम सबके सामने है। एक छोटे से यंग प्रोडक्शन हाउस के युवाओं ने “हय्या” को मात्र एक हफ्ते में 30 लाख पार पहुंचा दिया। ऐसा तो कई बार बड़े बजट की फिल्मों के साथ भी नहीं होता।
एसवीएमटी म्यूजिक ओरिजिनल्स व श्रीकांत तुली की प्रस्तुति “हय्या” की स्टार्टिंग अभिनेत्री मधुरिमा तुली से होती है जिनके साथ अभिनय में दीपक तिवारी दिखते हैं। गीत की कम्पोजिशन व गायन अनुराग मोहन का है जो इससे पूर्व एसवीएमटी के लिए ख्वआबीदा जैसा पॉपुलर गीत गा चुके हैं। गीत के अन्य कलाकारों में शैलजा आनन्द, राज मुकदम, सैमांटिक भाद्रा हैं। डीओपी पलाश दास, एडिटर मार्शल त्यागी व श्रीकांत तुली, को प्रोड्यूसर – स्वाति सिन्हा, एग्जेक्युटिव प्रोड्यूसर -निक एन्ड कुंदन त्रिपाठी हैं । जबकि इसकी मैनेजिंग डायरेक्टर विजया पन्त तुली मॉन्टेनर हैं।
गीत के बेहतरीन स्टोरी कंसेप्ट के साथ खूबसूरत डायरेक्शन के लिए यकीनन श्रीकांत तुली बधाई के पात्र है। “हय्या” पर रिएक्ट करते हुए अभिनेत्री मधुरिमा तुली ने कहा कि “यह गाना सभी यंगस्टर ने बनाया है। एनर्जेटिक, फ़ैशनेटिक हैं, दीपक व मेरी कैमेस्ट्री सबने पसन्द की। “हय्या” कैची सांग है, बहुत जल्दी लोगों व यंगस्टर के बीच यह पॉपुलर हो रहा है। मेरे भाई श्रीकांत ने इसे डायरेक्ट किया है। यह किसी यंगस्टर के लिए आसान काम नहीं होता। उम्मीद है आप हम सब इस यंग टीम को आगे बढ़ाएंगे व इस गीत का आनन्द लेंगे।
