(मनोज इष्टवाल)
बहुत समय बाद आईपीएल 20-20 मैच की लखनऊ सुपर जॉइंट्स की 20 ओवर की पूरी पारी देखने का मन हुआ। मैच देखना इसलिए बहुत जरुरी भी था क्योंकि दो नामी उत्तराखंड के खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी व भारतीय टीम के वर्तमान विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत खेल रहे थे। ऋषभ मेरे फेवरेट खिलाडी हैं और उनके प्रति यही सोच थी कि वे अपनी फॉर्म में लौट आएं, जबकि ऐसी ही सोच महेंद्र सिंह धोनी के प्रति भी थी कि काश… वह अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स को मुकाबले में ले आते। आज मैच उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद व पिथौरागढ़ जनपद के दो कप्तानों के बीच देखने को मिला। लखनऊ सुपर जॉइंट्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स आमने सामने थे। यह भी सुखद है कि मैं अल्मोड़ा जिले के ल्वाली (महेंद्र सिंह धोनी का पैतृक गाँव) व पिथौरागढ़ जिले के पाली (ऋषभ पंत का पैतृक गाँव) बर्ष 2012 वो 2014 में जा चुका हूँ।
आयुष बडोनी नाम जैसे ही सुना तो लगा पौड़ी के हो सकते हैं लेकिन अचानक याद आया कि विकास नगर के शनिधाम के गुरुवर विनायक बडोनी भी तो हैं जो टिहरी के हुए। दिमाग में सोच आई कि विनायक बडोनी जी के रिश्ते में सुप्रसिद्ध अभिनेत्री अनुष्का शर्मा आती हैं, जो क्रिकेटर विराट कोहली की धर्मपत्नी हैं। फिर खोजबीन शुरू हुई तो पाया आयुष बडोनी भी टिहरी से हैं। सच में आयुष को पहली बार खेलते देखा। क्या छक्के मारते हैं आयुष।
आयुष बडोनी
आयुष बडोनी एक भारतीय क्रिकेटर हैं। आयुष का जन्म 3 दिसंबर 1999 को उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के सिलोड़ गाँव में हुआ। दिल्ली में पले-बढ़े आयुष के पिता विवेक बडोनी एक डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर हैं, और माँ विभा बडोनी स्कूल टीचर हैं। आयुष का एक छोटा भाई प्रत्युष भी है। दाएं हाथ के बल्लेबाज और ऑफ-स्पिन गेंदबाज आयुष ने बचपन से क्रिकेट का जुनून दिखाया। उनके पिताजी ने घर की छत पर नेट लगाकर उन्हें प्रैक्टिस करवाने में मदद की।
आयुष ने 9 साल की उम्र में दिल्ली की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में ट्रेनिंग शुरू की और 15 साल की उम्र में सोनेट क्रिकेट अकादमी में तारक सिन्हा से प्रोफेशनल कोचिंग ली। 2018 में अंडर-19 एशिया कप फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 50 रन बनाए। उन्होंने 2021 में दिल्ली के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टी20 डेब्यू किया।
आईपीएल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 20 लाख में खरीदा। डेब्यू मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 41 गेंदों में 54 रन बनाकर वो छा गए। 2025 तक उन्होंने 47 आईपीएल मैचों में 715 रन बनाए, जिसमें 4 अर्धशतक शामिल हैं, और 2025 में लखनऊ ने उन्हें 4 करोड़ में रिटेन किया। 2024 में दिल्ली प्रीमियर लीग में 55 गेंदों पर 165 रन (19 छक्के) और रणजी ट्रॉफी में झारखंड के खिलाफ 205* रन बनाकर रिकॉर्ड बनाए। दिल्ली के कप्तान बनने के साथ उनकी नेट वर्थ 2025 में 6-7 करोड़ है।
यह देखना सुखद है कि उत्तराखंड की थाती-माटी से खिलाडियों की ऐसी पौध पैदा हो रही है जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।