Monday, March 2, 2026
Homeधर्म - संस्कृतितारों की टिमटिमाहट में दिखने वाले खाट-खटुली और बिअणा क्या अब नहीं...

तारों की टिमटिमाहट में दिखने वाले खाट-खटुली और बिअणा क्या अब नहीं दिखते?

गढ़वालियों के मध्य आकाश गंगा क्यों कहलाती है खाट-खटुली और भोर का तारा बिअणा!

इन्हीं से पता चलता था रात खुली या नहीं खुली । 

पलायन की पीड़ से जुड़े वो संवाद जो दिल में उतर जाएँ तो आँखों में वह सब उतर आए जो अंतस झकझोर दे। 

(मनोज इष्टवाल)

चलिए आज भूत काल को वर्तमान से जोड़कर एक ऐसी कहानी का अपने लेख में पटाक्षेप करता हूँ, जो आप व हम सबसे जुड़ी इसी लोक की अंतस को छूने वाली कथा-व्यथा है जिससे हम छिटककर दूर जा रहे हैं। वह सुख जिसे सिर्फ महसूस किया जा सकता है, वह मीठी याद व मीठी पीड़ा के रूप में हम सबके हृदय को सालने का काम करेगा।  वर्तमान परिवेश में अक्सर हो यह रहा है कि हम कुछ मोबाइल में इतने उलझ गए हैं कि हमें इस बात का भी आभास नहीं होता कि देश दुनिया या घर परिवार में आखिर हो क्या रहा है। न रिश्तेदार, न दुःख-सुख और न किसी से बिशेष लगाव …! सच कहें तो हमें बाहर की दुनिया का यह भी पता नहीं चलता कि आज आकाश में बादल हैं तो लेकिन किस रंग के? हमने सुबह नाश्ता किया तो …लेकिन क्या किया होगा, शाम तक सोचना पड़ता है। आम जिन्दगी में नई पीढ़ी जिसे ZEN-Z के नाम से जाना जा रहा है वह दिन भर ऑनलाइन होकर भी अपने वर्कप्लेस में इतने फ्रस्ट्रेट से हो गए हैं कि उन्हें घर परिवार संग बात करने की फुर्सत नहीं होती। आज की पीढ़ी को सभी भौतिक सुख तो प्राप्त हो रहे हैं लेकिन शुकून भरी जिन्दगी हो यह कह पाना मुश्किल है. यह पीढ़ी अपना बोझ हल्का करने के लिए हर दिन पार्टी अरेंज करना चाहती है, कहते हैं Chill मारते हैं यार….! ऐसे में बड़ा प्रश्न यह है कि क्या हम प्रकृति प्रदत्त जल, जंगल, जमीन ही नहीं अपितु धरती, आकाश और पाताल से अपने संवाद कायम करने में सफल हो पा रहे हैं या विकास की बाढ़ में सिर्फ इनका शोषण करना ही हमारा मूल उद्देश्य रह गया है?

दरअसल पिछले दिनों जब मैं अपने गाँव में था, तब सुबह सबेरे अपने घर के बाहर बर्तन बजने की आवाज सुनाई दी।  सर्द मौसम में घर के बाहर बर्त्तन बजना अपने आप में आशंका पैदा करता है। मैं बिस्तर में लेटे-लेटे ही जोर से बोला – कौन है बाहर ..! बाहर से आवाज आई- मैं हूँ. समझ गया कि हमारे जगदीश भाई साहब हैं। मैं बोला इस घुप्प अँधेरे में आप कर क्या रहे हैं. वह बोले- अबे, रात कहाँ रही,पाली गाँव की धार में बियणा आ गया है और देख खाट-खटुली भी साथ दिन रही है। मैं तुम्हारे नहाने के लिए पानी गर्म कर रहा हूँ।  खैर ये बता कि तुझे बिअणा देखे कितने बर्ष हो गए? मुझे नहीं लगता कि शहरों में तुम लोग बीअणा और खाट-खटुली देख पाते होंगे?  हमारा यह सब संवाद गढ़वाली में ही हो रहा था। सच कहो तो बीअणा तो मेरी समझ आ गया था लेकिन खाट-खटुली समझ नहीं आया। मैं झट से उठा तो देखा पाली गाँव की धार में तेज रौशनी वाला ध्रुव तारा जिसे भोर का तारा भी कहते हैं , चमचमा रहा था व उसके ठेठ ऊपर सप्तऋषि मंडप यानि आकाश गंगा !  मैं ख़ुशी से चिल्ला पड़ा- वाह.. बिअणा के साथ आकाश गंगा भी…! भाई साहब बोले- ओहो हो गया रे तू पूरा देशी! कुछ दिनों बाद गढ़वाली बोलना भी छोड़ देगा। मुझे भैजी की जगह भाई जी बोलेगा, जिसमें रस न कस..! आकाश गंगा को ही हम खाट-खटुली बोलते हैं हमारे गाँवों में।  इन्दा बिंदा रांगण झोळी, घिये कमोलि टपक बिंदा ..तो तू भूल ही गया होगा। फिर मेरे आँगन में जली आग की लकड़ियों में फूँक मारकर बड़बड़ाते हुए उसमें पतीला भर पाणी चढ़ाने लगे। मैं तारों में उलझे उस अप्रितम सौन्दर्य को देखता रहा जो निश्छल निष्कपट बचपन में माँ के पल्लू के साथ इसी बेला में उठा करता था और माँ अंगुली से दिखाकर बोलती थी- यह बिअणा है और वह खाट खटुली….! अहा …. इंदा  बिंदा रांग ण  झोलि, की  याद ने मुझे माँ की गोद याद दिला दी। वैभव की इस बेला में जब आसमान नीला हो , धरती पर खामोशी पसरी हो, भला गाँव में माँ का आँचल कहाँ दूर होने वाला था।फिर क्या था, यादें मुझे हमारी गौ कपोतरी के पास ले गई । मानों रंभा कट माँ को आवाज दे रही हो कि मेरी बछिया को बंधनमुक्त करो, डोलची लेकर आओ। मेरी बछिया भूखी है। गोधूलि से ज्यादा समय हो गया है । चंद्रमा निकलने को है। हमेशा की तरह में माँ का पल्लू पकड़ कर अपने ओबरा  (नीचे का कमरा), हाठ-मूडी (जहां गए बंधी रहती थी) चल दिया। माँ को देख कपोतरी सिर हिलाकर मानों अभिवादन कर रही हो फिर माँ की गोद में उठाए अपनी बछिया को देखती हुई रंभाती हुई लाड़ जताती थी। मुझे देख पूंछ हिलाती। बछिया माँ की गोद से छटपटा कर कपोतरी के थन में अपना मुंह डाल देती। तब उसकी पूँछ खड़ी होती और वह दूध निगलती तो उसके मुंह के पोरों  में दूध का झाग होता। कपोतरी अपनी बछिया को जीभ से चाटती। मैं इस दृश्य को देखकर बड़ा खुश होता। माँ कुछ समय बाद बछिया को खींचकर कपोतरी के साथ हि उसी के खूँटे में बांध देती। फिर डोलची में रखे थोड़े से पानी से कपोतरी के पाँसे (थन) धोती। चोकली उठाती,उसमें बैठती। डोलची को घुटनों के बीच फँसाती। और थन से गर-गर की आवाज में दूध की धार डोलची में गिरती। जिससे बना झाग देख मैं प्रसन्न होता क्योंकि माँ उसी झाग वाले हल्के से गर्म ताजे दूध को पहले अंगुली से छुआ कर चंद्रमा का टीका करती , फिर मेरा व बछिया का ..। एक दिन मैंने माँ को पूछा माँ तू पहला टीका आकाश में चंद्रमा को क्यों चढ़ाती है। उसके कैसे टीका लगता होगा? फिर माँ कहानी सुनाती।

story of making dhruv tara saptarishi taramandal also running surrounding it | राजकुमार ध्रुव ऐसे बने ध्रुव तारा, सप्तऋषि भी करते हैं परिभ्रमण

इंदा-बिंदा रांगण झोलि, घीये कमोली टपक बिंदा

माँ कहती कि तेरी नानी इस बारे में मुझे जो बताती थी, उसी बात को माँ की नानी, उन्हें सुनाया करती थी। वैसे तो इंदा बिंदा रांगण झोलि, घीये कमोली टपक बिंदा… , और घूघूती-बसूति क्य खाई दुध  भाति , कनि  व्हाई मिट्ठी-मिट्ठी जैसे शब्द बचपन में कानों में मिश्रीआज भी घोलते हैं लेकिन अक्सर यह लोरियाँ बच्चे की जिद में रोते देख माँयें  तब बोल करती थी जब उनका ध्यान बँटाना होता था। माँ ने तो आज इंदा बिंदा रांगण झोलि, घीये कमोली टपक बिंदा पर मुझे प्रकृति के उन  स्वरूपों से ही  जोड़ दिया जिन स्वरूपों को समझने के लिए हम जैसे बुद्धिजीवी समाज को उस अनपढ़ समाज का ऋणी होना चाहिए जिन्होंने जल जंगल जमीन को नभ से जोड़ा। माँ बोली- इंदा-बिंदा रांगण झोलि में हम चंद्रमा का आवाहन करते हुए उन्हें दूध का टीका इसलिए देते हैं क्योंकि सृष्टि चैन  की नींद रात भर सोये, इसलिए वह रात भर ड्यूटी कर हम सबके हृदय को शीतलता देते हैं।

मैं पूछता कि फिर मुझे क्यों टीका लगाती है? माँ कहती है – ताकि तुझे भी चंद्रमा अपने जैसा ओजवान,धैर्यवान व शीतलता दें। फिर मेरा प्रश्न होता कि बछिया को क्यों टीका करती  हो? माँ कहती -ताकि वह भी हमारी कपोतरी की तरह शांत हो। फिर माँ समझ जाती कि मेरे प्रश्न खत्म नहीं होने वाले तो खुद ही जबाब देती कि चंद्रमा को हम कहते हैं, यह दूध छल , कपट दूर करे, जब दही या छाछ बने तो हृदय को गर्मी से राहत दे और जब घीये कमोली (घी रखने का बर्तन) बने तो हमें ऊर्जा प्रदान करे। माँ से मैं पूछता- फिर तू दूध को चंद्रमा से छुपाकर पल्लू से ढककर क्यों ले जाती है। माँ कहती- इसके दो पहलू हैं। माँ की माँ कहती थी कि इससे चंद्रमा पर बना दाग दूध पर नहीं पड़ता और ना ही उसकी नजर लगती। यह बताने के बाद माँ कान उमेट कर कहती कि अगर ढककर न ले जाऊँ तो सारा दूध चंद्रमा ही पी जाएगा, हम क्या कहेंगे। सह कहूँ- यह सब प्रसंग याद आते ही आज की सुबह मेरी आँखों की पोर भिगो गई। अहा… सुबह की इस बेला में कितनी शुकून और शांति मिल रही है। इसकी कल्पना हम शहरों में रहकर इसलिए भी नहीं कर सकते क्योंकि वहाँ बिरले ही सुबह बिस्तर छोड़ते होंगे। फिर शहरवासियों का ऐसा भाग्य कहाँ जो प्रदूषण मुक्त नीले आसमान में अनगिनत तारे चाँद या फिर भोर का तारा (बिअणा), सप्त ऋषि मंडप (खाट-खटूली) को देख सकें। यह भाग्य तो हम पहाड़वासियों के ही नसीब में है जो अपने वन संपदा, खेत खलिहान, नदी धारे, पशुधन  सहित तमाम वह ताने-बाने छोड़कर सहारों में या भासे हैं। हमने सिर्फ पलायन ही नहीं किया है अपितु भारतीय संस्कृति के उस मूल्यवान लोक समाज को भी छिन्न -भिन्न कर दिया है, जिसे देव तुल्य  कहा व माना जाता रहा है।

खाट-खटुली और बिअणा

खाट-खटूली को अन्य पहाड़ी क्षेत्रों के लोग क्या बोलते हैं यह कहना संभव नहीं है लेकिन गढ़वाल क्षेत्र में इसे दो अन्य नामों चर्र खटूलीखाट खल्ळा नामों से भी पुकारा जाता है। इसी को हिन्दी भाषाई हम सभी सप्त ऋषि मंडल या फिर आकाश गंगा भी कहा जाता है जबकि आकाश गंगा में तो अनगिनत तारे होते हैं। खाट-खटूली पर भी कई कहानियाँ प्रचलन में हैं। मूलत: ये कहानियाँ हमें सात ऋषियों से जोड़ते हैं जिनमें ऋषि अत्री, विश्वामित्र, वशिष्ठ, जमदग्नि , अगस्त्य, गौतम व भारद्वाज आते हैं। इन ऋषियों का आकाश गंगा में क्या स्थान है? उसका भी दंत कथाओं में अलग अलग वर्णन सुनने को मिलता है।

हिंदू धर्म में सप्तऋषि (सप्तर्षि) सात महान ऋषियों को कहा जाता है, जो ब्रह्मा के मानस पुत्र माने जाते हैं। ये वैदिक ज्ञान, तपस्या, धर्म और सृष्टि के संरक्षक हैं। इन्हें वेदों के द्रष्टा और मानवता के मार्गदर्शक के रूप में पूजा जाता है। विभिन्न पुराणों और ग्रंथों में सप्तऋषियों के नाम थोड़े भिन्न मिलते हैं, जिनमें मरीचि, अत्रि, अंगिरस, पुलस्त्य, पुलह, क्रतु, वशिष्ठ प्रमुख हैं।  क्योंकि प्रत्येक मन्वंतर (कालचक्र) में सप्तऋषि अलग-अलग होते हैं, फिर भी वर्तमान वैवस्वत मन्वंतर में सबसे अधिक स्वीकृत नाम अत्री, विश्वामित्र, वशिष्ठ, जमदग्नि , अगस्त्य, गौतम व भारद्वाज ही हैं। कुछ अन्य ग्रंथों (जैसे विष्णु पुराण आदि) में यही प्राचीन सप्तऋषि के नाम हैं, इन्हीं से सनातन हिन्दू धर्मों की उत्पति  भी मानी जाती है।   ये ऋषि विभिन्न गोत्रों के मूल पुरुष भी माने जाते हैं।आकाश में स्थान (सप्तर्षि मंडल) हिंदू परंपरा और प्राचीन भारतीय खगोलशास्त्र में सप्तऋषियों को आकाश में एक विशेष स्थान प्राप्त है। इन्हें सप्तर्षि तारामंडल या सप्तर्षि मंडल कहा जाता है, जो पश्चिमी खगोलशास्त्र में उर्सा मेजर (Ursa Major) या बिग डिपर (Big Dipper) के नाम से जाना जाता है।यह उत्तरी गोलार्ध में रात्रि आकाश में बहुत स्पष्ट दिखाई देने वाला सात तारों का समूह है।  चार तारे एक चौकोर (ढक्कन जैसा) बनाते हैं, जिसे गढ़वाली साधारण बोली-भाषा में खाट-खटूली कहते हैं।   और तीन तारे एक तिरछी पूंछ (हैंडल) बनाते हैं, उसे खाट  की डोरी कहते हैं। इसीलिए इसे हम खाट खल्ळा भी कहते हैं। 

इस मंडल के दो तारों (विशेषकर वशिष्ठ और अरुंधति वाली जोड़ी) को मिलाकर सीधी रेखा उत्तर दिशा में बढ़ाने पर ध्रुव तारा (Pole Star) मिलता है, जिससे प्राचीन काल में दिशा ज्ञान होता था। विष्णु पुराण आदि में कहा गया है कि सप्तऋषि मंडल शनि मंडल से बहुत ऊपर (एक लाख योजन) स्थित है और यह ब्रह्मांडीय व्यवस्था का महत्वपूर्ण भाग है। आकाशगंगा (Milky Way) के संदर्भ में इसे अक्सर उसके निकट या उससे जुड़ा माना जाता है, लेकिन मुख्य रूप से यह  उर्सा मेजर तारामंडल (Ursa Major constellation) है, जो आकाशगंगा के उत्तरी भाग में स्थित है। यह मुख्य रूप से अपने 7 सबसे चमकीले तारों के समूह कहलाता है। ग्रीक पौराणिक कथाओं में इसे एक भालू माना जाता है, जबकि भारतीय खगोल विज्ञान में इसे सप्तर्षि मंडल कहा जाता है। यह तारामंडल न केवल दिशा-निर्देश का प्रतीक है, बल्कि धर्म, ज्ञान और शाश्वतता का भी प्रतीक माना जाता है, क्योंकि यह ध्रुव तारे की परिक्रमा करता रहता है।
बिअणा
बिअणा, बीयणा, बियणा, बीणा या सर्ग तारा लगभग एक से ही नाम से सबकी जुबान पर आने वाला यह इकलौता तारा  भोर का तारा  या फिर ध्रुव तारे के रूप में जाना जाता है। जिसकी खाट-खटूली अर्थात सप्त ऋषि मंडप परिक्रमा करते हैं। यह उत्तरी गोलार्ध में समुद्र या रेगिस्तान में दिशा खोजने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। ध्रुव तारा को लैटिन में स्टेला पोलारिस और हिंदी में उत्तर तारा या ध्रुव कहा जाता है। इसे उत्तर दिशा का सूचक माना जाता है क्योंकि यह अपनी जगह से नहीं हिलता और बाकी तारे इसके चारों ओर घूमते हुए प्रतीत होते हैं। यह लघु सप्तऋषि तारामंडल का सबसे चमकीला तारा हैजो प्राचीन काल से यात्रियों को दिशा ज्ञान के लिए उपयोग में लाया जाता रहा है। गढ़वाल में इस तारे पर कई लोक गीत व गीत भी प्रचलन में हैं जिनमें “सर्ग तारा जुन्याली रात, कु सूणालो तेरी-मेरी बात”  और रात घनघोर माँ जी रात घनघोर, बिअणा नि  आई माँ जी दीप डांडा ओर जैसे गीत प्रमुख हैं जो सौ साल से भी अधिक समय से हमारे मध्य अपनी मौजूदगी  दर्शाते हैं लेकिन बदलते सामाजिक परिवेश में यह विशाल लोक संस्कृति लोक समाज का आलम निरंतर यूँही आगे बढ़ता रहेगा? इस पर मुझे शंका है।
ध्रुव तारे को खोजना और समझना
बिअणा के बारे में माँ कहानी सुनाया करती थी कि राजा उतान्पाद ब्रह्मा जी के पुत्र मनु के पुत्र थे।  उनका विवाह एक बहुत ही सुंदर कन्या से हुआ था जिनका नाम सुनीति था। राजा अपनी पत्नी से बहुत प्रेम करते थे लेकिन उन्हें कोई संतान नहीं थी इसलिए रानी ने राजा को दूसरा विवाह करने कहा। राजा अपनी पत्नी से बहुत प्रेम करते थे इसलिए उन्होंने मना कर दिया और कहा कि दूसरी पत्नी के आने से तुम्हारा स्थान कम हो जायेगा जिस पर सुनीति ने कहा मुझे आप पर विश्वास हैं ऐसा नहीं होगा। राजा को सुनीति की हठ माननी पड़ी और उन्होंने दूसरा विवाह कर लिया। उनकी दूसरी पत्नी का नाम सुरुचि था।  विवाह के बाद जब सुरुचि महल आई ।  तब उसे राजा की पहली पत्नी के बारे में पता चला | यह जानने के बाद सुरुचि ने उत्तानपाद से कहा – जब तक आपकी पहली पत्नी वन प्रस्थान नहीं करेगी वो महल में प्रवेश नहीं करेगी |यह सुनकर सुनीति स्वयम ही राज महल त्याग कर वन में रहने चली गई।
कुछ समय बाद, राजा शिकार के लिए वन में जाते हैं और घायल हो जाते हैं ।  यह बात जब सुनीति को पता चलती हैं तो वो राजा को अपनी कुटिया में लाकर उनका उपचार करती हैं। राजा कई दिनों तक अपनी पहली पत्नी के साथ रहते हैं।  उस अवधि में सुनीति गर्भवती हो जाती हैं,और उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति होती हैं जिसका नाम ध्रुव रखा जाता हैं। जिसके बारे में राजा को ज्ञात नहीं रहता। कुछ दिनों, बाद राजा अपने महल चले जाते हैं। वहाँ भी रानी सुरुचि को पुत्र रत्न की प्राप्ति होती हैं जिसका नाम उत्तम रखा जाता हैं।
कुछ समय बाद राजा उत्तानपाद को ध्रुव के बारे में पता चलता हैं वो रानी सुनीति को महल में आने का आगृह करते हैं लेकिन वो नहीं आती।  ध्रुव को कभी कभी महल भेज दिया करती।  यह सब देख रानी सुरुचि को ध्रुव से घृणा होने लगते हैं।  एक दिन ध्रुव अपने पिता उत्तानपाद की गोद में बैठता हैं । यह देख रानी सुरुचि को क्रोध आ जाता हैं और वो उसे धक्का देकर अपशब्द कहती हैं और उसे छोड़ी हुई स्त्री का पुत्र कहकर अपमानित करती हैं।
नन्हा ध्रुव कुटिया में आकर माँ को पूरा घटनाक्रम सुनाता हैं । तब माता सुनीति उसे समझाती हैं।  बेटा अगर कोई बुरा कहे तो उसके बदले में उसे बुरा मत कहो, इससे तुम्हे ही हानि होगी।  अगर तुम अपने पिता की गोद में सह सम्मान बैठना चाहते हो तो भगवान विष्णु की उपासना करो वो जगत पिता हैं। अगर बैठना हैं तो उनकी गोद में बैठो।
बालक ध्रुव के मन में यह बात बैठ जाती हैं, और वह यही भाव लिए यमुना तट पर नहाने जाता हैं। वहाँ उसकी मनोदशा जानकर नारद मुनि आते हैं और वो ध्रुव को भगवान की भक्ति की विधि बताते हैं, जिसे जानने के बाद ध्रुव कठोर तपस्या में लीन हो जाता हैं। कई महीनो तक खड़े होकर तपस्या करता हैं। कभी जल में तपस्या करता हैं तो कभी एक ऊँगली पर खड़े रहकर निरंतर ॐ नमो वासुदेवाय का जाप पुरे ब्रह्माण में गूंजने लगता हैं।  नन्हे से बालक की इस घौर तपस्या को देख भगवान् उसे दर्शन देते हैं | बालक ध्रुव भाव विभौर हो उठता हैं और कहता हैं मुझे माता, पिता की गोद में बैठने नहीं देती ।  मेरी माँ कहती हैं कि आप इस श्रृष्टि के पिता हैं।  अतः मुझे आपकी गोद में बैठना हैं। भगवान उसकी इच्छा पूरी करते हैं और उसे तारा बनने का आशीर्वाद देते हैं जो कि सप्त ऋषियों से भी ज्यादा श्रेष्ठ होगा । उस दिन से आज तक आसमान में उत्तर दिशा की और ध्रुव तारा चमक रहा हैं।
पहली प्रामाणिकता के आधार पर कहानी ध्रुव तारा  से जोड़कर देखि व समझी जा सकती है लेकिन बिअणा या सर्ग तारा को माँ जहां जोड़ती थी उसकी कल्पना भले ही आम समाज के लिए हंसी का बिषय हो लेकिन मैं प्रबलता के साथ माँ के तथ्य के साथ खड़ा हूँ। माँ कहती थी कि यह बिअणा वीणा वादिनी माँ सरस्वती का रूप है। जो अंधेरे से उजाले की ओर हमें रास्ता दिखाती है। इसी लिए तो यह खाट-खटूली उसकी परिक्रमा कर माँ को निंद्रा से जगाती है। माँ जब गहन निद्रा में होती है तब माँ सरस्वती की तंद्रा तोड़ने के लिए यह उसकी पलंग अर्थात खाट की डोरी खींचते हैं। माँ सरस्वती का ओज तब पूरे ब्रह्मांड में फैलने लगता है और ये सातों ऋषि तब माँ का चरण वंदन करतके उन्हें नींद से जगाती है व सम्पूर्ण संसार में अपने ज्ञान पुंज का प्रकाश बिखेरती है। माँ कहती- तभी तो सुबह मैं बिअणा आने पर तुझे जगाकर किताब पढ़ने को कहती हूँ ताकि तुझे माँ अपने आलौकिक ज्ञान के दर्शन करवाए।
सच में माँ कितनी भोली होती है। यह दंत कथा उन्होंने किससे सुनी होगी या फिर खुद ही रची होगी? यह मैं नहीं जानता  लेकिन हाँ ..। हो सकता है माँ इसे माँ सरस्वती से इसलिए भी जोड़ती रही हो ताकि मैं पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकूँ ।  इतना जरूर जानता हूँ कि माँ की यही कथा-कतगुली, आणा -पखाणा मेरे ज्ञानार्जन की दिव्य औषधि बनी हैं। इस दिव्य लोक से बाहर मैं तब आया जब भैजी बोले- अरे ठंड  में क्यों बैठ है बेवकूफ …! पानी गरम हो गया है चल नहा  ले ..।

 

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES