Wednesday, February 25, 2026
Homeउत्तराखंडपीपलपानी-नौली-धारकोट सड़क मार्ग का मलवा हटा धारकोट के युवाओं ने सड़क मार्ग...

पीपलपानी-नौली-धारकोट सड़क मार्ग का मलवा हटा धारकोट के युवाओं ने सड़क मार्ग खोला।

पौड़ी गढ़वाल (हि. डिस्कवर)

लोक निर्माण विभाग पौड़ी की कार्य संस्कृति का अगर आंकलन किया जाय तो जो आंकड़े सामने आते हैँ वह पूरे विभाग पर प्रश्न चिह्न लगाते हैं। पौड़ी गढ़वाल के गांवों को जोड़ने वाली 17 सड़कें आज भी अपनी तक़दीर व तस्वीर का बाट जोहती नजर आ रही हैं। यह सड़कें आज से नहीं अपितु बर्षों से अपने आधे अधूरे निर्माण का रोना रो रही हैं। भले ही उत्तराखंड सरकार चिल्ला – चिल्लाकर रिवर्स माइग्रेशन का सपना देख व दिखा रही हों लेकिन सच यह है कि ऐसे विकास से निरंतर पलायन बढ़ता ही जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली से खिन्न ग्रामीण अपनी फ़रियाद सुनाये तो सुनाये किसे?

विकास खंड कल्जीखाल  अंतर्गत पट्टी कफोलस्यूँ स्थित पीपलपानी-नौली-धारकोट की 11.70 किमी सड़क की हालत बेहद खराब है।  प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के इस मार्ग पर न कोई लोक निर्माण विभाग कर्मी ही कभी दिखाई देता है और न मात्र 20किमी. दूरी पर स्थित पौड़ी मुख्यालय ने कुर्सी तोड़ने अभियंता ही इसकी सुध लेते हैं। यह प्रदेश का दुर्भाग्य ही कहिये कि जिस पौड़ी से उत्तराखंड जनआंदोलन की शुरुआत हुई थी आज वही पौड़ी विकास की दौड़ में काफी पिछड़ गया है।

पीपलपानी-नौली-धारकोट मोटर मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग को अगर छोड़ दिया जाय तो लगभग 11 किमी दायरे में सौंळद्यो, धारकोट-थापली, जाख, नौली, दुराल बूँगा, बिष्ट बूँगा, पयासू, केबर्स, पाली, नौडियालगाँव, थपलखेतु, बाड़यूं, जमकण्डी, धारकोट, धाँदण, सिलेथ इत्यादि तक दर्जनों गाँव को जोड़ता है व यही मार्ग इन गाँवों की दैनिक दिनचर्या की पूर्ती करता है लेकिन इस मार्ग की जो दुर्दशा थापली -धारकोट के पास धारकोट पाणी से धारकोट बैंड तक बर्षों से है वह देखने योग्य है। गाय बैल भी इस मार्ग पर चौकन्ने होकर चलते हैं। ऐसे में बरसात के समय इस मार्ग को मलवा बार बार अवरुद्ध कर देता है। पूर्व के बर्षों में प्रमुख महेन्द्र सिंह राणा द्वारा इस मार्ग को खोलने के लिए लगातार यहाँ डोजर लगाए रहते थे लेकिन यह भी इस समस्या का निराकरण तो बिल्कुल नहीं है।

पूर्व प्रधान ग्राम सभा धारकोट भूपेंद्र सिंह रावत व वर्तमान प्रधानपति व भाजपा के ब्लॉक अध्यक्ष संतोष चंदोला का कहना है कि जाने कितनी बार इस मार्ग को लेकर वह पौड़ी लोक निर्माण विभाग में शिकायत दर्ज करवा चुके हैं लेकिन वहां के अधिकारियों  के कान में जूँ  तक नहीं रेंगती। प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत राष्ट्रीय राज मार्ग अवस्थित आमडाली (सरहद थापली) से लेकर नौली- जाखाली-धारकोट तक बनी लगभग 11 किमी सड़क जगह जगह पर हादसों को न्यौता देती रहती है । उनका कहना है कि PMGSY में कई बार सूचना देने के बाद कोई कार्यवाही नही हुई। आखिरकार थक हार कर स्वयं ग्राम सभा धारकोट के युवाओं द्वारा थापली-धारकोट के सामने सड़क का मलवा साफ कर उसे हल्के वाहन चलने लायक़ बनाया है।

ज्ञात हो कि गढ़वाल संसदीय क्षेत्र में लंबित/अधूरी योजनाओं का विवरण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लंबित अथवा अधूरी योजनाओं में जिला पौड़ी के 1-पैठाणी-बडेथ मोटर मार्ग, 2- वेदीखाल-चोरखिण्डा मोटर मार्ग, 3- नौडखाल-मालकोट मोटर मार्ग, 4- ऐता-चरेख मोटर मार्ग, 5- मोल्काखाल-टीला मोटर मार्ग, 6-कण्डलसेरा-कुराली तल्ली मोटर मार्ग, 7- किल्योखाल-टकोलर मोटर मार्ग, 8-बूँगी-रिक्साल मोटर मार्ग, 9- पिनानी से पिनानीधार मोटर मार्ग, 10-मेलसैण-चोपड़ा (स्टेज-2) मोटर मार्ग, 11-सौन्दरबैण्ड-ऍडी मोटर मार्ग, 12-परसुण्डाखाल-काण्डई मल्ली मोटर मार्ग, 13-पीपलपानी-नौली-धारकोट मोटरमार्ग, 14-रीठाखाल-पंचवटी नाई मोटर मार्ग, 15- भरोली-मैठाणा मोटर मार्ग 16-चाकीसैण-जाख मोटर मार्ग, 17- थापला-सासौ मोटर मार्ग कुल 17 सड़क मार्ग आज भी अपनी दीन हीन दशा का रोना रो रहे हैं। ऐसे में प्रशासनिक जामा फिर बरसात बंद होने के बाद उन्हें पूर्ण करने के आश्वासन का झुनझुना देता नजर आ रहा है, जबकि ये सड़कें बर्षों से इसी हालात में हैं।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES