Monday, February 16, 2026
HomeUncategorizedजवान से शाहरुख ने दिखाई नयनतारा की पहली झलक, एक्शन अवतार में...

जवान से शाहरुख ने दिखाई नयनतारा की पहली झलक, एक्शन अवतार में दिखीं अभिनेत्री

शाहरुख खान की फिल्म जवान से जुड़ी आए दिन नई जानकारी सामने आ रही है। फिल्म का टीजर रिलीज होने के बाद से इसकी रिलीज को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। शाहरुख के प्रशंसक तो उनकी इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म से शाहरुख की झलक तो सब देख ही चुके हैं और अब इससे उनकी हीरोइन नयानतारा का पहला पोस्टर भी जारी हो चुका है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

शाहरुख ने नयनतारा की झलक साझा कर लिखा, वह तूफान से पहले आने वाली गडग़ड़ाहट है। उनके प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट की तरफ से किए गए पोस्ट में लिखा गया, इन पर डर का कोई जोर नहीं। नयनतारा का यह बिंदास लुक आते ही सोशल मीडिया पर छा गया है, जिसमें वह बंदूक थामे नजर आ रही हैं। प्रशंसक अभिनेत्री के इस एक्शन पैक्ड अवतार पर खूब प्यार बरसा रहे हैं। एक ने लिखा, वाह! स्टाइलिश बॉस लेडी।

जवान एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है। चर्चा है कि इस फिल्म में शाहरुख डबल रोल में नजर आएंगे। उनकी एक भूमिका एक खूंखार गैंगस्टर की होगी तो दूसरी भूमिका में वह खूफिया एजेंसी के जांच अधिकारी के रूप में नजर आएंगे। नयनतारा भी फिल्म में जांच अधिकारी के रूप में नजर आने वाली हैं। ऐसे में दोनों फिल्म में जबरदस्त एक्शन करते दिखेंगे। इसी के साथ फिल्म में शाहरुख और नयनतारा के रोमांटिक सीन भी होंगे।

फिल्म का निर्देशन एटली ने किया है और यह उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म है। नयनतारा की भी यह पहली हिंदी फिल्म है। जवान में शाहरुख और नयनतारा के अलावा संजय दत्त, दीपिका पादुकोण, सान्या मल्होत्रा, सुनील ग्रोवर और विजय सेतुपति नजर आने वाले हैं। यह फिल्म वीएफएक्स और एक्शन से भरपूर होगी। फिल्म 7 सितंबर को एक साथ कई भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिलहाल दर्शकों को इस फिल्म के ट्रेलर का इंतजार है।
नयनतारा दक्षिण भारतीय सिनेमा में बेहद लोकप्रिय हैं। उन्हें सर्वश्रेष्ठ तमिल और सर्वश्रेष्ठ मलयालम अभिनेत्री का फिल्मफेयर पुरस्कार मिल चुका है।

2018 में वह फोर्ब्स इंडिया में जगह बनाने वाली साउथ की एकमात्र अभिनेत्री थीं। नयनतारा अभिनय जगत में कदम रखने से पहले मॉडलिंग करती थीं। उनके मॉडलिंग असाइनमेंट देखकर ही फिल्म निर्माता सथ्यन एंथिकैड ने फिल्म मनासिनक्कारे के लिए उनसे संपर्क किया था। नयनतारा यूं तो सीए बनने का सपना देखती थीं, लेकिन किस्मत ने उन्हें अभिनेत्री बना दिया।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES