Monday, September 21, 2026
Homeउत्तराखंडसरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अगले महीने से दी जाएगी...

सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अगले महीने से दी जाएगी मुफ्त कोचिंग, शुरुआत में इन पांच जिलों के अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

देहरादून। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अगले महीने से जेईई और नीट की मुफ्त कोचिंग मिलेगी। शुरूआत में पांच जिलों के 40 छात्र-छात्राओं को यह कोचिंग दी जाएगी। मंगलवार को इसे लेकर अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन और शिक्षा विभाग के बीच समझौता पत्र पर हस्ताक्षर हुए। शिक्षा निदेशालय में हुई बैठक में बताया गया कि अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन रुरल इंडिया सपोटिंग ट्रस्ट के सहयोग से इस कार्यक्रम को चलाएगा। शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी के मुताबिक शुरूआत में राज्य के पांच जिलों देहरादून, चंपावत, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर और अल्मोड़ा जिले में इस कार्यक्रम को चलाया जाएगा।

कार्यक्रम निदेशक संयुक्ता चतुर्वेदी और परियोजना प्रभारी नीरज ने बताया कि बालिका शिक्षा पर फोकस रखते हुए यह कोचिंग दी जाएगी। शुरूआत में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में दो साल के लिए इस कार्यक्रम को लिया गया है। कार्यक्रम के सफल होने पर इस कार्यक्रम को तीन साल के लिए बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओ को इसकी कोचिंग दी जाएगी। इसमें फैकल्टी फाउंडेशन की होगी। कार्यक्रम के तहत हर चयनित जिले से आठ छात्रों को कोचिंग दी जाएगी। इसके अलावा डायट में तीन सौ शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। ताकि शिक्षक अपने स्कूलों में छात्र-छात्राओं को मुफ्त कोचिंग दे सकें।

एमओयू पर शिक्षा विभाग की ओर से राज्य परियोजना निदेशक बंशीधर तिवारी और फाउंडेशन की ओर से कार्यक्रम निदेशक संयुक्ता चतुर्वेदी ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस मौके पर अपर राज्य परियोजना निदेशक मुकुल कुमार सती, नोडल अधिकारी बीपी मैंदोली आदि मौजूद रहे।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES