Saturday, March 14, 2026
HomeUncategorizedनवाजुद्दीन सिद्दीकी और भूमि पेडनेकर की अफवाह का ट्रेलर जारी, 5 मई...

नवाजुद्दीन सिद्दीकी और भूमि पेडनेकर की अफवाह का ट्रेलर जारी, 5 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी

नवाजुद्दीन सिद्दीकी बीते काफी समय से अपने निजी विवादों के कारण चर्चा में थे। उनकी कई फिल्में भी रिलीज के लिए अटकी हुई थीं। अब उनकी पेशेवर जिंदगी पटरी पर लौटती नजर आ रही है। कुछ दिन पहले ही उनकी फिल्म जोगीरा सारा रारा के रिलीज डेट की घोषणा हुई थी। अब उनकी फिल्म अफवाह का ट्रेलर भी आ गया है। इस फिल्म में नवाज और भूमि पेडनेकर की जोड़ी देखने को मिलेगी।

सुधीर मिश्रा द्वारा निर्देशित यह फिल्म 5 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। पहले यह फिल्म 24 फरवरी को रिलीज होने वाली थी। इसका निर्माण अनुभव सिन्हा की प्रोडक्शन कंपनी बनारस मीडियावर्क्स ने किया है। इस क्राइम थ्रिलर फिल्म में नवाज और भूमि के साथ शारिब हाशमी, सुमित व्यास और सुमित कौल जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। ट्रेलर से पहले अनुभव सिन्हा ने पोस्टर जारी करके फिल्म की रिलीज के बारे में बताया था।

एक बार फिर से अनुभव सिन्हा सामाजिक-राजनीतिक पृष्ठभूमि पर फिल्म लेकर आए हैं। फिल्म की कहानी एक युवा नेता, उसकी मंगेतर और एक सामाजिक कार्यकर्ता के इर्द-गिर्द घूमती है। इन तीनों की जिंदगी में उस वक्त भूचाल आ जता है, जब भूमि और नवाज के किरदार का एक झूठा वीडियो तेजी से वायरल होता है। अफवाह तो है, पर फिक्र किसे है? आज के दौर में आंख मूंदकर अफवाह फैलाने वालों पर फिल्म करारी चोट करती दिख रही है।

अफवाह रिलीज होने के अगले हफ्ते ही नवाज की फिल्म जोगीरा सारा रा रा रिलीज होगी। यह फिल्म 12 मई को रिलीज हो रही है। फिल्म में नवाज के साथ नेहा शर्मा नजर आएंगी। जरीना वहाब और संजय मिश्रा भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। उनकी फिल्म बोले चूडिय़ां उनके भाई शमास के साथ मतभेदों को लेकर चर्चा में है। इसके उनकी फिल्म टीकू वेड्स शेरू और हड्डी का भी प्रशंसकों को इंतजार है।

नवाजुद्दीन इन दिनों पत्नी आलिया के साथ घरेलू विवाद के कारण चर्चा में हैं। सोशल मीडिया से लेकर कोर्ट तक में दोनों की कड़वाहट देखने को मिली। आलिया ने नवाज और उनके परिवार पर उत्पीडऩ का आरोप लगाकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद दोनों के बीच वार-पलटवार ने बेहद कड़वा मोड़ ले लिया। पति-पत्नी के इस झगड़े के बीच नवाज के भाई शमास भी उनपर तीखे आरोप लगाते दिखे।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES