अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो अपनी डाइट में आंवले का जूस शामिल कर सकते हैं। रोजाना सुबह खाली पेट आंवले का जूस पीने से शरीर में जमा विषाक्त पदार्थ बाहर निकल जाएंगे और वजन घटाने में मदद मिलेगी। आंवले का जूस बनाने के लिए आप 1-2 आंवला लें। इसे अच्छी तरह से धोकर काट लें और इनके बीज निकाल दें। अब इन्हें मिक्सी में डालकर इनका जूस तैयार कर लें। नियमित रूप से आंवले का जूस पीने से बैली फैट कम करने में भी मदद मिल सकती है।
आप चाहें तो वजन कम करने के लिए आंवला पाउडर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इसके लिए आप एक चम्मच आंवला पाउडर को गुनगुने पानी के साथ लें। रोज सुबह खाली पेट पानी के साथ आंवला पाउडर लेने से वेट लॉस में काफी मदद मिल सकती है। साथ ही, पेट साफ करने में भी मदद मिलेगी।
सुबह खाली पेट आंवला खाने से भी आपको वजन घटाने में मदद मिल सकती है। आंवले में प्रचुर मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। खाली पेट आंवला खाने से पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है और मेटाबॉलिज्म को भी बढ़ावा मिलता है। इससे शरीर में जमा एक्स्ट्रा चर्बी बर्न होती है और वजन कम होता है।
वजन कम करने के लिए आंवला और एलोवेरा जूस का सेवन करना बहुत फायदेमंद होता है। इसके लिए आप दो चम्मच एलोवेरा जूस और दो चम्मच आंवला जूस लें। इन दोनों को एक गिलास गुनगुने पानी में मिलाकर पी लें। आप रोज सुबह खाली पेट आंवला और एलोवेरा जूस पी सकते हैं। नियमित रूप से इन जूस का सेवन करने से वजन कंट्रोल करने में काफी मदद मिल सकती है। अगर आप भी वजन कम करना चाहते हैं, तो इन तरीकों से आंवला का सेवन कर सकते हैं। हालांकि, अगर आप प्रेग्नेंट हैं या किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, तो इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
