Thursday, February 26, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून के मैक्स अस्पताल में क्रिकेटर ऋषभ पंत का हाल जानने पहुंचे...

देहरादून के मैक्स अस्पताल में क्रिकेटर ऋषभ पंत का हाल जानने पहुंचे अभिनेता अनिल कपूर और अनुपम खेर

देहरादून। रुड़की में सड़क दुर्घटना में घायल भारतीय टीम के क्रिकेट खिलाड़ी ऋषभ पंत की स्पाइन और ब्रेन की एमआरआइ रिपोर्ट सामान्य है। मैक्स अस्पताल प्रबंधन के अनुसार दर्द और सूजन के कारण ऋषभ पंत के टखने और घुटने का एमआरआइ आज शनिवार को होगा। हड्डी में कोई बड़ा फ्रैक्चर नहीं है। शनिवार की सुबह अभिनेता अनिल कपूर और अनुपम खेर मैक्‍स अस्‍पताल पहुंचे। उन्‍होंने यहां ऋषभ पंत का हाल चाल जाना। बताया कि ऋषभ पंत हंस और बोल रहे हैं। वह पहले से काफी ठीक हैं। इस दौरान उन्‍होंने ऋषभ पंत की मां सरोज पंत से भी मुलाकात की।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि ऋषभ की हालत स्थिर है। उनके प्रशंसकों से अपील की कि वे उनके लिए प्रार्थना करें, ताकि वह जल्द ठीक हो जाएं। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ऋषभ पंत की कार शुक्रवार सुबह रुड़की की नारसन सीमा पर मोहम्मदपुर झाल के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार ऋषभ पंत ही चला रहे थे। ऋषभ पंत को रुड़की के सक्षम अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था।देहरादून मैक्स अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. आशीष याग्निक के अनुसार रिषभ पंत का आज टखने व घुटने का एमआरआइ किया जाएगा। पंत की हालत स्थिर हैं और वह खतरे से बाहर हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वाहन दुर्घटना में घायल क्रिकेटर ऋषभ पंत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि उनके इलाज का सारा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने क्रिकेटर ऋषभ पंत की मां सरोज पंत से फोन पर बात भी की। मुख्यमंत्री ने ऋषभ के शीघ्र स्वस्थ होने और उनके उपचार के लिए सरकार के स्तर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES