Thursday, February 26, 2026
Homeउत्तराखंडघर के बाहर शराब पीने से मना करने पर नशे में धुत...

घर के बाहर शराब पीने से मना करने पर नशे में धुत युवकों ने दो सगे भाइयों पर धारदार हथियारों से हमला कर किया घायल

ऋषिकेश।  ऋषिकेश के शास्त्री नगर में घर के बाहर शराब पीने से मना करने पर नशे में धुत युवकों ने दो सगे भाइयों पर लाठी डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। बीच बचाव में आई महिलाओं सहित कई स्थानीय लोगों के साथ भी युवकों ने अभद्रता की। स्थानीय लोग दोनों घायल युवकों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में ले गए, जहां गंभीर रूप से घायल एक युवक को चिकित्सकों ने एम्स रेफर कर दिया।

कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात आईडीपीएल चौकी क्षेत्र के शास्त्री नगर में चार पांच युवक रतन सिंह नेगी के घर के बाहर कार में बैठकर शराब पी रहे थे। युवकों का शोर शराबा सुनकर रतन सिंह नेगी के बेटे प्रदीप नेगी घर से बाहर आए। प्रदीप ने युवकों को उनके घर के बाहर शराब पीने से मना किया। यह बात शराब के नशे में धुत युवकों को इतनी नागवार गुजरी की उन्होंने प्रदीप के साथ गाली गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

इस बीच प्रदीप के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर उनका भाई संदीप भी बाहर आ गया। युवकों ने अपने कुछ साथियों को भी फोन कर मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी ने लाठी, डंडों और धारदार हथियारों से प्रदीप नेगी और संदीप के साथ मारपीट की। स्थानीय लोग दोनों युवकों को छुड़ाने लगे तो युवकों ने महिलाओं सहित कई लोगों के साथ धक्का मुक्की और अभद्रता की।स्थानीय लोग दोनों युवकों को किसी तरह बचाकर उपचार के लिए एसपीएस राजकीय अस्पताल लेकर गए। संदीप नेगी की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उनको एम्स रेफर कर दिया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी दर्शन प्रसाद काला ने बताया कि प्रदीप नेगी ने सर्वहारा नगर के एक दर्जन लोगों के खिलाफ गाली गलौज, मारपीट, प्राणघातक हमला और जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES