Thursday, February 26, 2026
Homeउत्तराखंडगढ़वाल सांसद टीएस रावत ने अंकिता भंडारी मर्डर केस पर कही बड़ी...

गढ़वाल सांसद टीएस रावत ने अंकिता भंडारी मर्डर केस पर कही बड़ी बात। बोले- ऐसी सजा हो कि आगे ऐसी हिमाकत कोई न कर सके।

पौड़ी गढ़वाल (हि.डिस्कवर)

अपने गढ़वाल मंडल दौरे के दौरान अंकिता भंडारी प्रकरण की जानकारी मिलते ही आज पूर्व मुख्यमंत्री व गढ़वाल लोकसभा सांसद तीरथ सिंह रावत तत्काल पौड़ी पहुंचे व इस पूरे प्रकरण की प्रशासनिक स्तर पर जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा- यह एक जघन्य अपराध है, साथ ही बेहद चिंताजनक भी। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए चाहे वह कोई भी हो।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना दायित्व निभा रही है। हमें चाहिए कि शहरों से दूर बने ऐसे रिसॉर्ट्स के सारे कर्मचारियों का ट्रैक रिकॉर्ड पास के थानों में मौजूद हो। रेगुलर पुलिस को यह छूट हो कि वह ऐसे रिसॉर्ट्स की वक्त बेवक्त तलाशी ले सके ताकि कोई भी गलत कार्य होते दिखें तो तत्काल कार्यवाही की जा सके।

गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने अंकिता भंडारी मर्डर पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा है कि दिन प्रति दिन समाज के बदलते ऐसे माहौल ने देवभूमि की आवोहवा बदल दी है। इसलिए यह तय हो कि सारे आये दिन उत्तराखंड में शहरों से दूर बने रिसॉर्ट्स होटल्स की सघनता से तलाशी हो। यह भी परखा जाय कि वे वैध हैं या अवैध। यदि अवैध व बिना नियम कानून के बनाये गए हैं तब उन पर तत्काल कार्यवाही हो व उन्हें सील किया जाय। इन रिसॉर्ट्स में कार्य करने वाली महिला कर्मचारियों का ड्यूटी समय 5 बजे शांय तक हो व कोई भी महिलाकर्मी रात्रि ड्यूटी पर तैनात न हो।

गढ़वाल सांसद ने कहा कि वे प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस सम्बंध में बात करेंगे कि किस तरह ऐसे शहर से दूर स्थित ऐसे रिसॉर्ट्स व होटल्स के लिए राजस्व पुलिस की जगह इन्हें रेगुलर पुलिस के हैंडओवर करने का नियम बने ताकि भविष्य में अंकिता भंडारी जैसा कोई प्रकरण सामने आए तो रेगुलर पुलिस तत्काल कार्यवाही कर ऐसे अपराधियों को पकड़ सके व ऐसी आपराधिक घटना होने से पहले ही उस पर लगाम लगाई जा सके।

 

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES