Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड कांग्रेस के कप्तान करन माहरा को सितंबर में मिलेगी नई टीम,...

उत्तराखंड कांग्रेस के कप्तान करन माहरा को सितंबर में मिलेगी नई टीम, 225 सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया अंतिम दौर में

देहरादून । कांग्रेस के प्रदेश संगठन के कप्तान करन माहरा को नई टीम अगले माह सितंबर के दूसरे पखवाड़े तक मिल सकेगी। प्रदेशभर में पार्टी का नया सांगठनिक ढांचा भी अब सितंबर माह के पहले सप्ताह तक आकार लेगा। प्रदेश में कांग्रेस संगठन वर्तमान में परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 225 सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। इसे पहले बीते माह पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन पार्टी के आंदोलनात्मक कार्यक्रमों के चलते यह अभियान आगे खिसक गया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तिथि 21 सितंबर तक आगे बढ़ा दी गई है। ऐसे में प्रदेश में भी सांगठनिक परिवर्तन और नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की कवायद पर भी प्रभाव पड़ा है। पार्टी 225 सांगठनिक ब्लाक इकाइयों का गठन कर चुकी है। इस बीच पार्टी संगठन को अधिक सक्रिय बनाने के लिए सांगठनिक जिलों की संख्या कम करने पर विचार किया जा रहा है। यद्यपि इस बारे में अभी तक अंतिम निर्णय नहीं लिया गया।

आज दिल्ली जाएंगे करन माहरा

अब कांग्रेस के सभी प्रदेश अध्यक्षों की आज  दिल्ली में बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर महंगाई को लेकर आंदोलन के बारे में निर्णय ले सकती है। माना जा रहा है कि इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा पार्टी के केंद्रीय नेताओं, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव और उत्तराखंड के लिए नामित चुनाव अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश संगठन और जिला इकाइयों के बारे में चर्चा कर सकते हैं। भाजपा से मिल रही कड़ी चुनौती के साथ ही उत्तराखंड की राजनीति में अन्य दलों के बढ़ते हस्तक्षेप को देखते हुए कांग्रेस अपने नए संगठन को लेकर सतर्क है। जिला इकाइयों की सक्रियता बढ़ाने के लिए इनमें विधायकों की भूमिका को बढ़ाया जा रहा है। इन इकाइयों में विधायकों के साथ ही उनके समर्थकों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा का कहना है कि पार्टी में ब्लाक से लेकर जिला और प्रदेश स्तर पर संगठन में युवा और सक्रिय सदस्यों को स्थान मिलेगा।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES