Thursday, February 12, 2026
HomeUncategorizedजल्द नच बलिए 10 लेकर आ रहे सलमान खान, जज बनेंगी करिश्मा...

जल्द नच बलिए 10 लेकर आ रहे सलमान खान, जज बनेंगी करिश्मा कपूर

डांस पर आधारित शो नच बलिए को दर्शकों ने खूब सराहा है। अब तक इस शो के नौ सीजन आ चुके हैं। काफी समय से नच बलिए 10 को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब इस शो को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। कहा जा रहा है कि एक बार फिर सलमान खान इस शो को प्रोड्यूस करने वाले हैं। खबरों की मानें तो यह शो जल्द आएगा और इसमें दिग्गज अभिनेत्री करिश्मा कपूर जज की भूमिका निभाएंगी।

रिपोर्ट के अनुसार, सलमान जल्द इस शो लेकर दर्शकों के बीच आ सकते हैं। यह शो अक्टूबर के मध्य में टीवी पर शुरू हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बता दें कि सलमान ने शो के पिछले सीजन को भी प्रोड्यूस किया था। एक सूत्र ने कहा, शो की पटकथा लिखी जा चुकी है। चैनल और प्रोडक्शन हाउस के बीच एक महीने की लंबी चर्चा के बाद इसे स्वीकृत कर लिया गया है। ऐसी चर्चा है कि इस बार शो में अदाकारा करिश्मा जज की कुर्सी संभालेंगी। कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस और वैभवी मर्चेंट को भी जज की भूमिका में देखा जाएगा। इसके पिछले सीजन को रवीना टंडन और अहमद खान ने जज किया था। शो का नौवां सीजन 19 जुलाई से 3 नवंबर, 2019 तक प्रसारित किया गया था। मनीष पॉल और वलूशा डिसूजा ने शो की मेजबानी की थी। प्रिंस नरूला और युविका चौधरी इस सीजन के विजेता थे।

इस शो का प्रसारण स्टार प्लस पर होता है। शो के फॉर्मेट को लेकर सूत्र ने बताया, इस बार मेकर्स सेलिब्रिटीज के साथ फैंस को भी लेकर आएंगे और उनका मुकाबला दूसरी जोडिय़ों से होगा। पिछले साल कॉन्सेप्ट एक्स कपल्स का था। ऑडिशन के बाद चयनित फैंस को फाइनल किया जाएगा और उन्हें मशहूर हस्तियों द्वारा टास्क दिया जाएगा। जो खुद को सबसे बड़ा प्रशंसक साबित करेगा, उसे सेलिब्रिटीज के साथ कंटेस्टेंट बनाया जाएगा।
इस शो के लिए कई लोकप्रिय कलाकारों को संपर्क किया गया है। खबरों की मानें तो इस शो के लिए शहनाज गिल, रूपाली गांगुली, प्रतीक सहजपाल और मोहसिन खान जैसे सेलेब्स को अप्रोच किया गया है।
छोटे पर्दे पर भी सलमान का जलवा देखने को मिलता है। वह काफी समय से शो बिग बॉस को होस्ट करते आ रहे हैं। बिग बॉस 16 में भी उन्हें मेजबान की भूमिका में देखा जाएगा। रिपोर्ट्स की मानें तो शो के आगामी सीजन को होस्ट करने के लिए उन्होंने मेकर्स से भारी-भरकम फीस मांगी है। अक्टूबर के पहले सप्ताह में इस शो का प्रसारण शुरू हो सकता है। इसका प्रसारण कलर्स चैनल पर होता है।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES