Wednesday, March 11, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड विधानसभा मानसून सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को सदन में...

उत्तराखंड विधानसभा मानसून सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को सदन में दी गई श्रद्धांजलि, साथ बिताए पलों को याद कर भावुक हुए सदस्य।

देहरादून (हि. डिस्कवर)।

उत्तराखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया है। पांच दिवसीय सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को सदन में श्रद्धांजलि दी गई। सत्र के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर विधायकों के बैठने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

मानसून सत्र के पहले दिन विश्व विख्यात पर्यावरणविद्, पदम विभूषण एवं चिपको आंदोलन के प्रणेता स्व. सुंदरलाल बहुगुणा को सदन की गैलरी में माननीय सदस्यों द्वारा श्रद्धांजलि दी गई। सदन में प्रवेश करते वक्त उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री गणों एवं विधायकों द्वारा स्व. बहुगुणा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेता प्रतिपक्ष रही स्व.इंदिरा हृदयेश, गंगोत्री के विधायक गोपाल रावत, हरिद्वार के पूर्व विधायक अम्बरीष कुमार, पूर्व शिक्षा मंत्री नरेंद्र भंडारी, पूर्व विधायक बच्ची सिंह रावत को सदन में श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कल्याण सिंह के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, यतिश्वरानंद, बंशीधर भगत, अरविंद पांडे, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधायक देशराज कर्णवाल, संजय गुप्ता, राजकुमार ठुकराल सहित अन्य ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

यूकेडी ने किया विधानसभा कूच।

वहीं अपनी विभिन्न मांगों को लेकर यूकेडी के कार्यकर्ताओं ने विधानसभा कूच किया। इस दौरान विस घेराव करने पहुंचे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रिस्पना पुल के पास लगे बैरिकेडिंग पर रोक लिया। जहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस में काफी नोक-झोंक हुई। दोपहर करीब एक बजे रिस्पना पुल के पास पहुंच उक्रांद के कार्यकताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगा रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर उसे पार करने की भी कोशिश। जिसके बाद नारेबाजी करते हुए उक्रांद के कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द सरकार की ओर से हमारी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो उक्रांद के 50 हजार कार्यकर्ता उग्र आंदोलन करेंगे।

पद्म विभूषण स्व. सुंदर लाल बहुगुणा को श्रद्धांजलि।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विधानसभा में विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन पर्यावरणविद् एवं चिपको आंदोलन के प्रणेता, पद्म विभूषण स्वर्गीय सुंदरलाल बहुगुणा जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. सुंदरलाल बहुगुणा जी ने पर्यावरण संरक्षण, हिमालय और नदियों के संरक्षण के लिए कई आंदोलनों की अगुवानी की थी। वे सादगी के प्रतीक तथा उत्तराखण्ड के सच्चे हितैषी थे।

पूर्व मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नरोरा, बुलंदशहर जाकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के निवर्तमान राज्यपाल  कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. कल्याण सिंह जी योग्य प्रशासक एवं कुशल राजनीतिज्ञ थे, वे हम सभी के लिये हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे।
मुख्यमंत्री के साथ ही केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  मदन कौशिक ने भी स्व. कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES