देहरादून (हि. डिस्कवर)
उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र से चार बार के सांसद व दो बार के विधायक रहे उत्तराखंड के भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा सरकार के दौरान केंद्र सरकार में मंत्री रहे बच्ची सिंह रावत ने आज ऋषिकेश एम्स में अंतिम सांस ली! उन्हें विगत दिन ही सांस में परेशानी के चलते भर्ती करवाया गया था!
इसे उत्तराखंड भाजपा के लिए अपूर्णीय क्षति बताते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है! मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि प्रभु दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को दुःख सहने की शक्ति व धैर्य प्रदान करे!
ज्ञात हो कि बच्ची सिंह रावत का जन्म 1 अगस्त 1949 में अल्मोड़ा जिले के पली गाँव में हुआ था! वे पहली बार 1992 में उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य चुने गए व 1993 में चुनाव जीतकर पुनः विधायक बने! इसके पश्चात उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और 1996 में लोकसभा का चुनाव जीतकर केन्द्रीय राजनीति में उनका पदार्पण हुआ! 1999 में पुनः लोकसभा चुनाव जीता और केंद्र में रक्षा राज्य मंत्री नियुक्त हुए! 1999 से लेकर 2004 तक वे केंद्र में विज्ञान एवं तकनीकी राज्यमंत्री रहे! 2004 में चौथी बार सांसद चुने गए लेकिन इस बार उन्हें विपक्ष में बैठना पडा! 2007 से 2009 तक वे उत्तराखंड भाजपा के पार्टी अध्यक्ष पद पर आसीन रहे!