देहरादून 11 अप्रैल 2021 (हि. डिस्कवर)
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत आज बिना पूर्व सूचना के ही स्मार्ट सिटी में सड़कों पर हो रहे विभिन्न कार्यों के औचक निरीक्षण पर निकले पड़े। हड़कम्प मचा व आनन-फानन छुट्टी के दिन घर पर सुस्ता रहे अधिकारियों के हाथ -पांव फूल गये। यह सब मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत द्वारा बिना जिलाधिकारी को पूर्व सूचना दिये ही किया गया।
मुख्यमंत्री ने घण्टा घर ही नहीं बल्कि राजधानी क्षेत्र में सड़कों के ऊपर जितना भी कार्य सीवर लाइन, पाइप लाइन, नाली-नहर व अन्य का चल रहा है सबका निरीक्षण किया व कार्यों में बरती जा रही लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए ठेकेदारों व अफसरों को फटकार लगाई है।
उन्होंने कहा है कि स्मार्ट सिटी में कार्यों में हो रही किसी भी तरह की देरी बर्दास्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों में जहां जनता को जाम से गुजरना पड़ रहा है वहीं शहर भर के व्यवसायी निर्माण कार्यों से उड़ती धूल से परेशान है। उन्होंने ठेकेदारों पर अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि जब निर्माण के दौरान बजट में पानी का छिड़काव भी शामिल है फिर आप लोग जनता व व्यवसायियों का ध्यान रखकर पानी का छिड़काव क्यों नहीं कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने निर्माण सम्बन्धी सभी योजनाओं की सम्पूर्ण जानकारी 24 घण्टे के अंदर उपलब्ध कराने के सम्बंधित विभागों को निर्देश दिए हैं।

