देहरादून (हि. डिस्कवर)
उत्तराखंड के सीमांत जिला पिथौरागढ़ की बेटी को पर्यटन विभाग में पदोन्नति मिली है। श्रीमती पूनम चंद जिनकी छवि एक कर्मठ व ईमानदार अधिकारी के रूप में समझी व देखी जाती है। पूनम चंद को जिम्मेदारी मिलने से यह समझा जा रहा है कि पर्यटन की गतिविधियों को अब पहाड़ में गति मिलेगी।
उत्तराखंड शासन की स्वीकृति के क्रम में श्रीमती पूनम चंद ने पर्यटन निदेशालय उत्तराखंड में अपर निदेशक/अपर विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया है। श्रीमती चंद उत्तराखंड राज्य निर्माण के पश्चात इस पद पर नियुक्त होने वाली प्रथम महिला अधिकारी हैं। इससे पहले वे पर्यटन निदेशालय में ही संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत थी।
वर्ष 1993 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित श्रीमती चंद ने पौड़ी, हरिद्वार, नई दिल्ली आदि कार्यालयों में तैनात रहते हुए विभिन्न विभागीय दायित्वों का निर्वाह किया। वे पर्यटन के अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में उत्तराखंड राज्य एवं पर्यटन विभाग का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल पर साकार करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

