देहरादून 08 अक्टूबर, 2020 (हि. डिस्कवर)
- वन एवं वन्य जीवों से सम्बन्धित समस्याओं का होगा त्वरित समाधान।
- मानव-वन्य जीव संघर्ष को रोकने में मिलेगी मदद।
- प्रदेश के दूर दराज क्षेत्रों में घटित होने वाली घटनाओं की मिलेगी त्वरित जानकारी।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गुरूवार को मुख्यमंत्री आवास में वन विभाग द्वारा तैयार की गई वन एवं वन्य जीव हेल्पलाइन 1926 का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इस हेल्पलाइन की शुरूआत को वनों की सुरक्षा एवं मानव वन्यजीव संघर्ष को कम करने की दिशा मे की गई प्रभावी पहल बताया है।

वन विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हेल्पलाइन आम जनता को वन एवं वन्य जीवों के कारण होने वाली समस्याओं के समाधान में तभी कारगर साबित होगी जब विभागीय अधिकारी प्राप्त शिकायतों का तत्परता के साथ निराकरण करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लिये मानव वन्यजीव संघर्ष को रोकना बड़ी चुनौती रही है। यह हेल्पलाइन इसमें मददगार साबित हो इसके लिए समेकित प्रयासों की उन्होंने जरूरत बतायी। उन्होंने कहा कि इससे वनों में होने वाली घटनाओं, वनों की तस्करी रोकने, जंगली जानवरों के अवेध शिकार जैसी तमाम समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकेगा।
