अल्मोड़ा 18 जुलाई, 2020 (हि. डिस्कवर)
(फाइल फोटो)
मुख्य कृषि अधिकारी प्रियंका सिंह ने बताया कि विभिन्न माध्यमों से ज्ञात हुआ है कि टिड्डी दल उत्तराखण्ड एवं उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती गाॅवों तथा जनपद चम्पावत के कुछ क्षेत्रों में पहुॅच चुका है। इस दल के जनपद अल्मोड़ा में भी पहुॅचने से इन्कार नहीं किया जा सकता। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्होने जनपद के समस्त न्याय पंचायत प्रभारियों को अपने-अपने न्याय पंचायत में उपलब्ध स्प्रेयरों एवं कीटनाशकों को ‘‘रेडी टू एक्शन मॉड” में रखने एवं आकस्मिकता की स्थिति में श्रमिकों आदि का प्रबन्ध करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बताया कि स्पे्रयर एवं कीटनाशकों की कमी होने की सूचना तत्काल मुख्य कृषि अधिकारी को दूरभाष पर देना सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने सभी न्याय पंचायत प्रभारियों को निर्देश दिये है कि स्थानीय स्तर पर ध्वनि विस्तारक यंत्र की उपलब्धता का आंकलन कर लें ताकि आवश्यकता होने पर तत्काल किराये पर लिए जा सके। उन्होंने बताया कि टिड्डी दल का स्वभाव है कि यह सुबह 07 बजे से लेकर सायं 7ः00 बजे तक सफर करते है। सूरज छिपते समय उचित स्थान देखकर बैठते है। यदि बैठने के समय तेज ध्वनि अथवा धुआ कर दिया जाए तो ये बैठ नहीं पाते है इस बात की जानकारी सभी किसानों को देना सुनिश्चित करेंगे। सभी न्याय पंचायत प्रभारी क्षेत्र के कृषकों/जनप्रतिनिधियों से सतत् सम्पर्क स्थापित कर टिडडी दल की वास्तविक स्थिति (लोकेशन) के बारे में सूचना का आदान-प्रदान करते रहने हेतु अपने अधीनस्थों को निर्देशित करना सुनिश्चित करेंगे एवं किसी भी क्षेत्र में टिडडी दल के आक्रमण की सूचना तत्काल जनपद स्तरीय कन्ट्रोल रूम दूरभाष सं0 05962-230424 को देना सुनिश्चित करेंगे।
वहीँ दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद के पूरनपुर में टिड्डी दल के हमले के बाद खटीमा के उत्तर प्रदेश सीमा से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में हड़कंप मचा हुआ है। एडीओ कृषि बीके पांडे के अनुसार खटीमा के पास स्थित उत्तरप्रदेश के टिड्डी दल पीलीभीत जनपद के सकेनिया गांव से लगे जंगल में बैठा हुआ है।
किसानों में टिड्डी दल को लेकर दहशत व्याप्त है। कृषि विभाग ने भी अलर्ट जारी कर किसानों को सावधान रहने की अपील की है। जनपद से भी कृषि विभाग के अधिकारी सीमावर्ती ग्रामों में डेरा डाले हुए हैं। किसानों को निर्देश हैं कि किसान जत्थों में गांव में रहें और अपने पास म्यूजिकल साधन रखें जिसमें नगाड़ा, थाली, ढोल बजाए जाए धुंआ किया जाए।
खटीमा क्षेत्र के किसान नेता प्रकाश तिवारी ने किसानों को एक जुट होकर इस आफत से लड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होगा कि मेलाघाट में टिड्डी दल आए तो खेलड़िया वाले किसान शांत बैठे रहें। टिड्डीदल को भगाने के लिए वायू और ध्वनी प्रदूषण करना होगा। इसके साथ की कीटनाशक का भी स्प्रे करें।
