Tuesday, June 24, 2025
HomeUncategorizedहिमालय में चल रहा कोटिवृक्ष अभियान।

हिमालय में चल रहा कोटिवृक्ष अभियान।

देहरादून 18 अगस्त 2018 (हि. डिस्कवर)।

कोटि वृक्ष फाउंडेशन के संस्थापक योगी अरविंद अपने एक करोड़ पेड़ लगाने के संकल्प की ओर बढ़ रहे हैं। इस संकल्प का विस्तार करते हुए योगी अरविंद ने इस वर्ष चारधाम ऑल वेदर रोड की कटिंग से किनारे की ओर गिरी मिट्टी में 32000 से अधिक बीज बोए। यह कार्य फाउंडेशन के सहयोगियों को साथ लेकर किया गया।

हिमालय में पर्यावरणीय संतुलन व वनों के विस्तार के लिए फाउंडेशन द्वारा वृक्षगंगा अभियान भी चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी व देहरादून जनपदों के विभिन्न स्थानों में वृक्षारोपण किया गया है। टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर विकासखंड के चौंधार, जगणी, भैंगा, मोटणा, ग्वाड़, ओखलाखाल, स्याल्की, कोटगा, काण्डाखाल तथा जाखणीधार विकासखंड के नन्दगांव, बड़कोट, रज्जाखेत, भोनयाड़ा, खांड व गदोलिया के साथ ही नरेन्द्रनगर विकासखंड के देवलधार, हिण्डोलाखाल, पटेर, बड़ेड़ा, सोणी, खेड़गाड़, घुगतानी व बेरनी गांवों में स्कूलों वृक्षवितरण, बीज वितरण व वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इसी प्रकार पौड़ी जनपद के यमकेश्वर विकासखंड के बनचूरी, रौतगांव व साकिलगाड़ी में वृक्ष वितरण व वृक्षारोपण किया गया है।
विगत सात वर्षां से वृक्षारोपण व बीज वितरण का सघन अभियान चला रहे योगी अरविंद अब तक जम्मू कश्मीर, कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड आदि राज्यों में वृक्षारोपण व बीज वितरण अभियान चला चुके हैं। हिमालय के प्रति विशेष प्रेम भाव रखने वाले योगी अरविंद वर्तमान में कुंजापुरी, नरेन्द्रनगर, टिहरी गढ़वाल में रहते हैं। वृक्षों व वनों की प्रति जागरूकता व वृक्षों का रोपण उनकी सबसे पहली प्राथमिकता है। योगी अरविंद न सिर्फ वृक्ष लगाने का अभियान चलाते हैं बल्कि यह भी सुनिश्चित करते हैं कि लगाये गए वृक्षों को बचाया भी जाए। इसके लिए उन्होंने अपने अभियान के साथ महिलाओं और स्कूली छात्रों को जोड़ा है जोकि वृक्ष लगाकर वर्ष भर उनकी सुरक्षा भी करते हैं। अपने अभियान के संबंध में योगी अरविंद का कहना है कि अब तक 48 हजार वृक्ष व 6 लाख बीज वितरित व रोपित किए हैं। अभियान के लिए योगी जी देहरादून के बीज विक्रेताओं से शुद्ध बीज क्रय करके ग्रामीणों में वितरित करते हैं। उनका कहना है कि छिटपुट वृक्षारोपण तो पहले सभी चल रहे थे लेकिन 2010 के बाद कोटि वृक्ष फाउंडेशन के तहत सघन वृक्षारोपण अभियान सात राज्यों में चलाया जा रहा है। योगी अरविंद ने कहा गुजरात व मध्य प्रदेश में वृक्षारोपण हेतु कुछ सामाजिक कार्यकर्ता ही जंगलों से बीज एकत्र कर हमें देते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य रूप से रुद्राक्ष, अमलताश, तेजपात, सेमल, हल्दू, हरड़, बेहड़, बेल, बांस, रीठा, संदन, शामी, चंदन, पीपल, बड़, सीता अशोक, सप्तपर्णी, महोगनी, बांज, सहतूत, भीमल, कचनार, अखरोट, आड़ू, कीनू, लीची, आम, पपीता, नींबू, आम, आंवला, जामुन, अनार, अंजीर आदि के वृक्ष लगाए गए।
योगी अरविंद ने कहा कि भविष्य में सभी सामाजिक संस्थाओं को साथ जोड़कर पर्यावरण की मुहिम को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहाड़ों को प्लास्टिक का कचरा सबसे अधिक नुकसान पहुंचा रहा है। इस अवसर पर अभियान से जुड़े पूर्व भूवैज्ञानिक दिनेश कंडवाल व समाज विज्ञानी प्रवीन कुमार भट्ट भी मौजूद थे।

योगी अरविंद क्या कहते हैं आप भी सुनिए:-

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES