Tuesday, February 17, 2026
Homeउत्तराखंडप्रधानमंत्री के जन्मदिन पर राज्यपाल ने उपहार स्वरूप भेंट किये 100 गरीब...

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर राज्यपाल ने उपहार स्वरूप भेंट किये 100 गरीब बच्चों को स्कूल टिफिन और छाते।

 राजभवन देहरादून 17 सितम्बर,2019(हि. डिस्कवर)

राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने मंगलवार को कनाल रोड स्थित बारीघाट क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित सेवा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कार्यक्रम में 100 गरीब बच्चों को स्कूल टिफिन और छाते उपहार स्वरूप भेंट किये।  

इस अवसर पर उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि आज हम ऐसे प्रधानमंत्री का जन्म दिन मना रहे हैं जिन्होंने गरीबी को निकट से देखा है। राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने गरीबों के कल्याण और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए बहुत सी योजनाएं लागू की है। विशेष रूप से महिलाओं और बेटियों के सशक्तीकरण के लिए उन्होंने बहुत कार्य किया है। सुकन्या योजना, उज्ज्वला योजना और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा प्रधानमंत्री की ही देन है।

राज्यपाल ने सभी की ओर से प्रधानमंत्री श्री मोदी की दीर्घायु की कामना की। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड में भी महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बहुत सी केन्द्र एवं राज्य पोषित योजनाएं चलाई जा रही हैं जिनमें महिलाओं के स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण को बल मिलता है।    

राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने उपस्थित जन समुदाय को नशे के विरूद्ध सदैव जागरूक रहने को कहा। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने बच्चों का ध्यान रखें कि वे नशे के चंगुल में न आने पायें। राज्यपाल ने महिलाओं और बच्चियों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि यदि कोई पुरूष परेशान करे, उत्पीड़न करे तो उसकी शिकायत पुलिस से करें। उन्होंने कहा कि यदि उनकी शिकायत सक्षम स्तर पर न सुनी जाय तो महिलाएं सीधे उन्हें राजभवन में पत्र भेज सकती हैं, वो उनकी सहायता अवश्य करेंगी।      

राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्म दिन पर छाता और टिफिन भेंट करने का उद्देश्य बच्चों को स्कूल जाने के लिये प्रेरित करना है। उन्होंने बच्चों को रोज स्कूल जाने तथा पढ़-लिखकर एक आदर्श नागरिक बनने को कहा। उन्होंने माताओं से अपील की कि किसी भी स्थिति में बच्चियों की शिक्षा प्रभावित न होने दें।        

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक गणेश जोशी, पुनीत मित्तल सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।    

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES