*छात्रा की मौत पर प्रदेश भर में श्रद्धांजलि ! परिवार को आर्थिक मदद व अपराधी को फांसी की सजा के मांग को लेकर केंद्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद से मिला प्रतिनिधिमंडल!
(मनोज इष्टवाल
विगत 10 दिन पूर्व पूरे उत्तराखण्ड को स्तब्ध कर देने वाली घटना ने जहां प्रदेश में गुस्सा व रोष भर दिया था वहीं विगत दिवस देश की राजधानी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाये जाने वाली पौड़ी गढ़वाल की बीएससी की छात्रा ने आखिरी सांस ली। अब यह गुस्सा व रोष एक ओर प्रदेश भर में श्रद्धांजलि सभाओं में तब्दील हो गया है जबकि दूसरी ओर छात्रा की मौत के बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद व फांसी की सजा सुनाए जाने की मांग को लेकर एक प्रतिनिधि मंडल भाजपा के केंद्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद से उनके केंद्रीय कार्यालय में मुलाकात की।
भाजपा मुख्यालय दिल्ली में सामाजिक क्षेत्र में बर्षों से कार्य कर रहे व्यवसायी व समाजसेवी डॉ विनोद बछेती, दिग्मोहन नेगी उत्तराखण्ड मीडिया फॉर्म के अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार सुनील नेगी, वरिष्ठ पत्रकार गणेश खुगशाल गणी, वरिष्ठ पत्रकार व बदरीकेदार सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थान पौड़ी गढ़वाल के संरक्षक/सचिव मनोज इष्टवाल, समाज सेविका व भयात संस्था की अध्यक्षा श्रीमती रोशनी चमोली, भयात संस्था के संस्थापक सूरज सिंह रावत इत्यादि के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के केंद्रीय प्रवक्ता व राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी से मुलाकात कर पौड़ी गढ़वाल के विकास खण्ड कल्जीखाल के पट्टी कफोलस्यूँ के पल्ली गांव की बेटी के परिजनों को आर्थिक सहायता व अपराधी को फांसी की सजा की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि केंद्र व राज्य में आपकी सरकार है जिसके पास निर्भया फंड, प्रधानमंत्री विवेकाधीन कोष, मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष व आपका राज्य सभा फंड कोष है इसलिए यह उम्मीद की जा सकती है कि पेट्रोल से जलाई गई बेटी की मौत के बाद उसके परिवार की सबलता के लिए आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए व अपराधी को फांसी की सजा हो।
ज्ञात हो कि लगभग 10 दिन पूर्व जब विकास खंड कल्जीखाल के पट्टी कफोलस्यूं के पल्ली गाँव की 18 बर्षीय पुत्री गढ़वाल विश्वविद्यालय से अपनी स्कूटी में वापस घर लौट रही थी तब पड़ोस के ही गाँव गहड़ का पेशे से ड्राईवर बंटी उर्फ़ मनोज पेट्रोल की कैन लेकर उस से लिफ्ट माँगता है ! पड़ोस के गाँव का होने के कारण एक दूसरे से दोनों ही भली भाँती परिचित थे! बंटी ने छात्रा की स्कूटी से लिफ्ट ली व खुद ड्राइव करता हुआ पौड़ी से पौड़ी कोटद्वार मार्ग में लगभग 7 किमी. आगे मल्ली भेमली वाली कच्ची सडक पर स्कूटी उतार दी! छात्रा ने आपत्ति दर्ज की क्योंकि उसके गाँव का रास्ता तो यहाँ से नेशनल हाई वे पर पड़ता है! भेमली व डोबल्या गाँव के उपर चीड़ जंगल के पास खंदकी धार में बंटी ने स्कूटी रोकी और छात्रा से जबरदस्ती करने लगा! छात्रा ने विरोध किया तो उसने गुस्से में उसके ऊपर पेट्रोल छिडका और आग लगा दी! आग से धधक रही यह बिटिया जब चिल्लाने लगी तब बंटी ने अपने बचाव में इस बिटिया की माँ को फोन कर बताया कि उसने खुद पर आग लगा दी!
मल्ली भेमली के खंदकीधार के पास हुए इस जघन्य काण्ड की किसी को खबर तक न लगती क्योंकि यह सडक मुख्य सडक से कटकर कच्चे मार्ग में जाती है जहाँ आम लोगों की आवाजाही ज़रा कम ही होती है व गाँव यहाँ से दूर हैं! फिर यह स्थान चीड़ के जंगल से घिरा हुआ है! मल्ली भेमली से लगभग तीन चार किमी. आगे सैणीधार में गौशाला चलाने वाले अपना भूसा भरा ट्रक लेकर आ रहा था जब उसने लड़की की चिल्लाने की आवाज सुनी तो ट्रक रोककर उसे बचाने की कोशिश की ऐसे में बंटी वहां से भाग गया था जिसे उसी रात उसके घर से गिरफ्तार कर पौड़ी जेल में डाल दिया गया था।
राज्यसभा सांसद व पार्टी प्रवक्ता अनिल बलूनी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी पार्टी इस मसले को गम्भीरता से लेगी व इस सम्बंध में पार्टी हाई कमान व प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे।
वहीं दूसरी ओर पौड़ी व देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में छात्रा की मौत पर श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गई हैं व हर तबके ने अपराधी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है। देहरादून के गाँधी पार्क में आम नागरिकों द्वारा शहीद स्थल के पर नारी शक्ति द्वारा जबकि स्व. इंद्रमणि बडोनी की मूर्ति के पास वामपंथी विचारकों द्वारा छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके अलावा कई सामाजिक संगठनों , भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन द्वारा देहरादून के गांधी पार्क से कैंडिल मार्च निकाला गया, उधर मसूरी शहीद स्मारक पहुंच मसूरी वासियों ने भी कैंडिल जलाकर मृतक छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की जबकि सहरानपुर चौक मोहल्ला विकास समिति ने भी कैंडिल जलाकर मृतक बेटी को श्रद्धांजलि देते हुए अपराधी को फांसी की सजा की मांग की। पौड़ी के कलेक्टेड परिसर में हिमवतीनन्दन गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की। मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी की पौड़ी शाखा ने छात्रा के निधन पर गहरा दुःख प्रकट हुए दो मिनट का मौन रखा। दिल्ली में बदरीकेदार सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था द्वारा गढ़वाल भवन में आयोजित कार्यक्रम “गित्येर” में दिल्ली वासी प्रवासियों ने छात्रा की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक सभा का आयोजन किया।
छात्रा की मृत देह के गांव पहुंचने पर आस पास के गांवों के ग्रामीणों के साथ विधायक, प्रशासनिक अमला व सामाजिक कार्यकर्ताओं का हुजूम गांव में उमड़ पड़ा। जिलाधिकारी पौड़ी, एसएसपी पौड़ी सहित राजस्व पुलिस व रेगुलर पुलिस दल भी गांव में मौजूद रहे। अंत में डोली की जगह अर्थी में कांधो से गुजरती छात्रा ज्वाल्पा देवी शमशान घाट पहुंची जहां उसे अंतिम विदाई दी गयी।
दूसरी ओर कोटद्वार के पत्रकार संगठन ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा है कि वे अब बेटियों की लड़ाई लड़ेंगे। कोटद्वार पत्रकार परिषद हर स्कूल कालेज में शिकायत बॉक्स लगाएंगे जिसमें बेटियां अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगी। मृतक छात्रा की माँ ने अपराधी को फांसी की सजा की मांग करते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की अपील की। क्षेत्रीय विधायक मुकेश कोहली सहित जिलाधिकारी सुशील कुमार, एसएसपी जगत राम जोशी अपर जिलाधिकारी रामजी शरण शर्मा ने मृतक छात्रा की माँ को हर सम्भव सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।



