नोएडा/उत्तरप्रदेश 17 फरवरी 2019 (हि. डिस्कवर)
अगर हौसलों में उड़ान हो और दिल में अपनों से अगाध प्यार तो दिल्ली दूर नहीं। यह बात एनडी टीवी की सुप्रसिद्ध एंकर व पत्रकार अंजली इष्टवाल ने कर दिखाई। नोएडा स्थित फार्मर मार्किट (कृषि बाजार) सेक्टर 47 में आज अंजली अपने गांव इसोटी के ऑर्गेनिक उत्पात बेचती नजर आई।

समाजसेवी कवीन्द्र इष्टवाल ने बताया कि पलायन की मार सहते पहाड़ के गांव का मर्ज समझते हुए अंजली इष्टवाल व उनके कर्नल भाई आशीष इष्टवाल के साथ मिलकर हमें तीनों ने यानि पत्रकार, फौज व समाजसेवी ने मिलकर तय किया कि कैसे बेरोजगार युवाओं के कदम पहाड़ में ही रोके जा सकें । हमने दगड्या फाउंडेशन की स्थापना की और उसने अपना काम करना शुरू कर दिया।
अंजली के दिल में भी यही कशिश थी कि कैसे वह अपने गांव के लोगों को मोटिवेट करे कि जरुरी नहीं है कि हमें रोजगार की तलाश में महानगरों की खाक छाननी पड़े। वह यह भी भले से जानती हैं कि हमारा समाज नौकर रखना नहीं सीखा बल्कि नौकरी पर ज्यादा विश्वास करता है। अतः कर्नल आशीष इष्टवाल, कवीन्द्र इष्टवाल व अंजली इष्टवाल ने तय किया कि पलायन रोकने की पहल वे अपने गांव से ही शुरू करेंगे।
इस तिगड़ी ने गांव से ही ग्रामीणों को अच्छा बाजारी मूल्य देकर ठेठ ऑर्गेनिक उत्पाद खरीदने शुरू किए व अपनी दगड्या फाउंडेशन के माध्यम से इसे देश के बड़े महानगरों में प्लेट फार्म देना शुरू कर दिया है।
अंजली इष्टवाल ने फार्मर मार्केट सेक्टर 47 नोएडा में इन ऑर्गेनिक उत्पादों की बिक्री के लिए एक काउंटर भी ले लिया है और उस पर पहाड़ी उत्पाद बेचने की तैयारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि दगड्या फाउंडेशन का मकसद सिर्फ और सिर्फ एक ही है कि वे उत्तराखण्ड के ऑर्गेनिक उत्पादों को बड़ा मार्केट दें ताकि यहां के ग्रामीण अपने बंजर होते खेतों में अपना श्रम साध्य पसीना बहाकर घर बैठे अपने उत्पादों पर अच्छा दाम पा सके। यह शुरुआत उन्होंने पौड़ी जनपद पट्टी मवालस्यूँ स्थित अपने गांव इसोटी से कर दी है। जिसके उन्हें सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं व ग्रामीणों में इस सबको लेकर उत्साह पैदा हुआ है।

