देहरादून 1 अप्रैल 2020 (हि. डिस्कवर)
उत्तराखंड से बाहर कोरोना वायरस के दौरान फंसे उत्तराखंडवासियों को वापस लाने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 12 ट्रेन की केंद्र से मांग की है। उन्होंने कहा कि मात्र 24 घण्टे में 86 हजार लोगों ने उत्तराखंड लौटने हेतु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हमारी उच्च स्तरीय टीम ने कोविड 19 महामारी में फंसे लोगों लाने के उन्होंने केंद्र सरकार व रेलमंत्री से 12 ट्रेनें उपलब्ध करवाने का अनुरोध किया है। उन्होंने दिल्ली से देहरादून, दिल्ली से हल्द्वानी, चंडीगढ़ से देहरादून, लखनऊ से देहरादून व हल्द्वानी, जयपुर से देहरादून व हल्द्वानी, मुम्बई से देहरादून व हल्द्वानी, भोपाल, अहमदाबाद, बंगलुरू से देहरादून के लिए कुल 12 रेलगाड़ियों की डिमांड रखी गयी है। उन्होंने कहा बाकी लोगों के लिए उत्तर प्रदेश उत्तराखंड की बसें काम करेंगी।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने राज्य से बाहर फंसे उत्तराखंड के लोगों को वापस राज्य में लाने की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित राज्यों से समन्वय बनाते हुए सुनियोजित तरीके से सारी व्यवस्था की जाए। इसमें पूरी सावधानी के साथ व्यक्तिगत दूरी, मास्क, सेनेटाइजेशन आदि मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। जिन लोगों को वापस लाया जाना है, कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत उनकी समुचित स्क्रीनिंग की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुरूप ही सारी कार्यवाही हो।
https://www.facebook.com/groups/HALON/permalink/2705383269565592/
राज्य में आने पर यदि होम क्वारेंटाईन किया जाता है तो यह भी सुनिश्चित किया जाए कि होम क्वारेंटाईन का सख्ती से पालन हो। इसके लिये आवश्यक होने पर ग्राम प्रधानों को कुछ अधिकार दिये जा सकते हैं।
सचिव शैलेश बगोली ने बताया कि अभी तक 87 हजार लोगों ने वापस आने के लिए अपना पंजीकरण कराया है। इनमें अधिकांश लोग पर्वतीय जिलों के हैं।
बैठक में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, डीजीपी अनिल कुमार रतूङी, सचिव अमित नेगी,नितेश झा, श्रीमती राधिका झा भी उपस्थित थे।

