Saturday, July 27, 2024
Homeउत्तराखंडनगर निगम चुनाव-2019- रुड़की में भाजपा की करारी हार बागी ने...

नगर निगम चुनाव-2019- रुड़की में भाजपा की करारी हार बागी ने दिखाए भाजपा को तारे …तो भितरघात ने डुबोयी भाजपा की लुटिया । मुख्यमन्त्री त्रिवेंद्र और प्रदीप बत्रा की साख पर उठे सवाल।

(वरिष्ठ पत्रकार अविकल थपलियाल की कलम से)

महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक ड्रामे के बीच उत्तराखंड से भाजपा के लिए अत्यंत ही निराशाजनक खबर सामने आयी है। रविवार की रात तक चली रुड़की नगर निगम मेयर की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी मयंक गुप्ता को करारी हार ही नहीं झेलनी पड़ी बल्कि कांग्रेस के बाद तीसरे स्थान पर खिसकना पड़ा। यहां भाजपा के बागी गौरव गोयल ने अहम जीत हासिल कर भाजपा खेमे में सन्नाटा फेर दिया। मयंक गुप्ता मुख्यमन्त्री त्रिवेंद्र रावत की पसन्द के उम्मीदवार थे। और भाजपा ने रुड़की में पूरी ताकत भी झोंकी थी।

भाजपा के लिए रुड़की की हार इसलिए चिन्तनीय कही जा रही है कि यहां से भाजपा के स्थानीय विधायक प्रदीप बत्रा भी खासा दम रखते है। इसके अलावा हरिद्वार संसदीय से निशंक केंद्रीय मंत्री है। रुड़की में पर्वतीय मतदाताओं की संख्या भी निर्णायक स्थिति में रही है। निशंक इन मतों को भाजपा की झोली में डलवा सकते थे।लेकिन चुनाव में पिटने के बाद भाजपा के सूत्र यह भी कह रहे हैं कि पार्टी ने निशंक का कोई कार्यक्रम नहीं लगाया था। उधर, अब यह बात भी खुल कर सामने आ रही है कि प्रत्याशी चयन में मुख्यमन्त्री ने निशंक व प्रदीप बत्रा की राय नही ली। जबकि ये लोग गौरव गोयल के पक्ष में थे। नतीजतन भाजपा का टिकट नहीं मिलने पर गौरव गोयल ने निर्दलीय ताल ठोक भाजपा को तीसरे स्थान पर धकेल दिया।

गौरतलब है कि प्रदीप बत्रा 2016 में हुई बगावत के बाद कांग्रेस से भाजपा में आये थे। लेकिन भाजपा में अभी तक बहुत सन्तुष्ट नहीं दिख रहे हैं। उधर, निशंक व मुख्यमन्त्री त्रिवेंद्र रावत के बीच चुनाव के समय ट्यूनिंग का झोल साफ साफ दिखाई देता रहा है। पूर्व में डोईवाला विधानसभा चुनाव के समय भी निशंक समर्थकों पर त्रिवेंद्र गुट भितरघात का आरोप चस्पा करता रहा है।

अब रुड़की नगर निगम चुनाव में भाजपा की बेहद करारी हार से मुख्यमन्त्री त्रिवेंद्र, निशंक और प्रदीप बत्रा के बीच एक नए मोर्चे पर नाजुक जंग होने की पूरी पूरी संभावना है।रुड़की के परिणाम की आड़ में केंद्रीय नेतृत्व मुख्यमन्त्री से भी सवाल पूछेगा। निशंक और प्रदीप बत्रा भी अपनी नैतिक जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। ये सवाल इसलिए कि मुख्यमन्त्री से जुड़े गुट का भी इन दोनों नेताओं पर ये आरोप है कि बागी गौरव गोयल को ऑक्सीजन अपने ही लोग दे रहे थे।

दूसरी ओर,भाजपा की इस शर्मनाक हार में कांग्रेस अपनी जीत देख रही है। वैसे भी कांग्रेस के लिए रुड़की में खोने के लिए कुछ भी नहीं था।

हरिद्वार संसदीय इलाके के रुड़की नगर निगम चुनाव में निर्दलीय गौरव गोयल ने कांग्रेस और भाजपा को चारों खाने चित्त कर दिया।कांग्रेस के लिए यह सुकून का विषय रहा कि उसका प्रत्याशी दूसरे नंबर पर रहा। एक बात अब यह भी साफ हो गयी है कि केंद्रीय कैबिनेट मंत्री निशंक ,स्थानीय विधायक प्रदीप बत्रा की राजनीतिक जमीन में मुख्यमन्त्री त्रिवेंद्र रावत की पसंद के उम्मीदवार मयंक गुप्ता की करारी हार भाजपा में एक बड़े भूचाल का सबब बनेगी।

Himalayan Discover
Himalayan Discoverhttps://himalayandiscover.com
35 बर्षों से पत्रकारिता के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, धार्मिक, पर्यटन, धर्म-संस्कृति सहित तमाम उन मुद्दों को बेबाकी से उठाना जो विश्व भर में लोक समाज, लोक संस्कृति व आम जनमानस के लिए लाभप्रद हो व हर उस सकारात्मक पहलु की बात करना जो सर्व जन सुखाय: सर्व जन हिताय हो.
RELATED ARTICLES

ADVERTISEMENT